बिजली कटौती से खफा हुई भीड़ बिजलीघर में आ घुसी, फाड़ दी फाइलें, कर्मचारियों को पीटा
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में बिजली कटौती से खफा हुए स्थानीय निवासियों ने बिजली घर के कर्मचारियों से मारपीट की। इतना ही नहीं, उन्होंने बिजली घर में जमकर फायरिंग की। फायरिंग के बाद लोगों ने फाइलें इधर-उधर फेंकीं और कुछ फाड़ भी दीं। इससे अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी भागने लगे। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस घटना स्थल पहुंची। हालांकि, तब तक ज्यादातर लोग भाग निकले। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना थाना जलालाबाद के बिजलीघर की है। यहां लोग बिजली कटौती से परेशान थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ कुछ देर में ही कटौती हो रही है। इसी के चलते पूरी रात इलाके में बिजली नहीं आ रही थी। गुस्साए लोगों लोगों ने इकट्ठा होकर बिजलीघर पर धावा बोल दिया। बिजलीघर के कर्मचारियों का कहना है कि सभी लोग असलहों से लैस थे। पहले तो बिजली घर के अंदर गाली-गलौज की। उसके बाद जब कर्मचारियों ने विरोध किया तो लोगों ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
बात यहीं खत्म नहीं हुई विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि गुस्साए लोगों ने जमकर हवाई फायरिंग की। कर्मचारियों के बीच इलाके में दहशत फैला दी। घबराए कर्मचारी बिजली घर छोड़कर भाग निकले। उसके बाद बिजलीघर के अंदर जमकर तोड़फोड़ की। जरूरी कागजात फाड़कर फेंक दिए।
Recommended Video

सीओ ब्रह्मपाल सिंह का कहना है कि बिजलीघर के अंदर मारपीट की घटना हुई है। तोड़फोड़ का भी आरोप लगा है। घटना के बाद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications