नाबालिग ने शादी से किया इनकार तो जल्लाद बने पिता-भाई, चाकू से गोदकर नदी में फेंका
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में बाप-बेटी के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी को चाकू से गोदकर नदी में फेंक दिया। नाबालिग के भाई ने भी घटना में साथ दिया। बेटी को मरा हुआ समझकर दोनों फरार हो गए, लेकिन बेटी की जिंदगी बच गई। गांववालों की सूचना पर पुलिस ने बच्ची को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। नाबालिग की मानें तो उसने अपने पिता से जिंदगी बख्शने की काफी गुहार लगाई थी। उसने पीने का पानी मांगा, लेकिन उसके पिता ने नहीं दिया।

क्या है पूरा मामला
शाहजहांपुर के थाना रौजा निवासी 15 साल की नाबालिग दो महीने से अपनी बहन के घर रह रही थी। बीते शुक्रवार की शाम नाबालिग के पिता और उसका भाई बाइक से बेटी को लेने गए थे। घायल बच्ची के मुताबिक, उसके पिता बाइक से वापस अपने घर आ रहे थे, लेकिन रास्ते में बरेली मोड़ के पास पिता ने बाइक रोकी और वहां से एक ताला खरीदने की बात कहकर गए और एक चाकू खरीद लिया। इसके बाद पिता और भाई बेटी को लेकर लखीमपुर के पसगवां गांव पहुंचे। नहर के किनारे एक झोपड़ी थी, जहां पर ले जाकर उसका गला दबाया। भाई उसके पैरों पर बैठ गया और उसके बाद नाक और पेट पर चाकू से हमला कर दिया। पिता ने बेटी को मरा हुआ समझ लिया। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए, लेकिन बेटी की जिंदगी बच गई थी।

गांववालों ने पुलिस को दी सूचना
गांववालों ने नाबालिग को घायल हालत मे पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल नाबालिग को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। नाबालिग की देखभाल उसकी बहन और बहनोई कर रहे हैं। घटना की जानकारी थाना रौजा पर नहीं थी, लेकिन मीडिया द्वारा जब घटना की जानकारी एसपी सिटी को मिली तब पुलिस हरकत में आई और खुद एसपी सिटी ने घायल नाबालिग का हालचाल जाना।

शादी से किया था इनकार
घायल नाबालिग के मुताबिक, वह बुआ के बेटे से प्यार करती है। नाबालिग होने के कारण उसने अपने पिता से अभी शादी करने से इनकार कर दिया था। नाबालिग ने पिता से कहा था कि वह जब बालिग हो जाएगी तब शादी उसी लड़के से करेगी, लेकिन पिता शादी के लिए राजी नहीं थे। पिता ने नाबालिग बेटी से बिना पूछे ही शादी तय कर दी थी। आज ही उसकी बेटी की शादी होना थी, लेकिन शादी करने से पहले ही पिता ने बेटी के साथ हरकत कर दी।

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी का कहना है कि एक नाबालिग घायल हालत में मिली थी। उसको अस्पताल मे भर्ती कराया है। नाबालिग ने अपने पिता और भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications