MP News: दूल्हन मंडप में करती रही इंतजार, बारात लेकर नहीं पहुंचा दूल्हा; हैरान करेगी वजह
Shahdol News: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक दुल्हन हाथों में मेहंदी लगाए और सज-धज कर अपने सपनों के राजकुमार का इंतजार करती रही लेकिन दहेज का लालची दूल्हा बिना दहेज लिए शादी करने को तैयार नहीं हुआ।
यह पूरा मामला शहडोल के खैरहा थाना एरिया के ग्राम पंचायत सारंगपुर का है। यहां रहने वाली लड़की के साथ उसी के गांव के रहने वाला पड़ोसी युवक दुर्गेश कोल ने एक वर्ष पहले शारीरिक शोषण किया था जिस पर युवती की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया था। इस मामले में युवक जेल भी गया था। बुढ़ार न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन है। इस बीच युवक उस युवती से शादी के लिए तैयार हो गया।

आरोपी युवक की भाभी गांव की सरपंच है। दोनों परिवारों द्वारा 23 नवंबर को शादी फिक्स हुई। लड़की पक्ष वालों ने जमीन, गहनें गिरवी रखकर पैसों का इंतजाम किया था। युवती के माता-पिता और परिजनों ने पूरी तैयारी की, लेकिन उस रात बारात नहीं आई।
पुलिस में की गई शिकायत में कहा गया कि युवक के भाई ने मोटरसाइकिल और 2 लाख रुपये दहेज में मांगे और बारात लेकर नहीं आए। परिजनों ने आरोप लगाया कि चूंकि आरोपी युवक की भाभी सरपंच है इसलिए खैरहा थाने में मामला दर्ज नहीं किया गया।
इस मामले से पीड़ित परिवार अपमानित महसूस कर रहा है। लड़की का कहना है कि यदि लड़के पक्ष में समुचित कार्रवाई नहीं हुई तो वह जान दे देगी। वहीं, इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले का कहना है कि मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications