Shahdol: बिरला ग्रुप के ओरिएंट पेपर मिल के पल्प टैंक में ब्लास्ट से आग, 15 कर्मचारी घायल, एक की मौत
मध्य प्रदेश के शहडोल (Shahdol)के अमलाई स्थित ओरिएंट पेपर मिल में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि जब सुबह की शिफ्ट में कर्मचारी काम में जुटे थे, उसी दौरान लकड़ी से पल्प बनाने वाले प्लांट में जोरदार धमका हो गया। हादसे में 15 से अधिक मजदूरों के घायल होने की जानकारी दी जा रही है, तीन की हालत गंभीर है, वहीं एक मजदूर की इलाज के दौरान मृत्यु होना भी बताया जा रहा है। हालांकि अधिकारी मृत्यु की पुष्टि नहीं कर रहे हैं।

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा स्थानीय मीडिया को दी गई जानकारी अनुसार शहडोल जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर अमलाई में संचालित एशिया के नंबर एक कागज कारखाना ओरिएंट पेपर मिल में लकड़ी के बुरादे को कैमिकल से गलाकर पल्प बनाने वाले प्लांट के टैंक में बुधवार करीब 10.35 बजे ब्लॉट हो गया। धमाके की आवाज के बाद कारखाने में भगदड़ मच गई। राहत बचाव कार्य के दौरान कुल 15 मजदूरों को अस्पताल भेजा गया है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार एक मजदूर की मौत हो गई है।
बिरला ग्रुप की है ओरियंट पेपर मिल
पाठकों को बताते चले कि शहडोल के आमला में स्थित पेपर मिल बिरला ग्रुप के अधीन है। यह एशिया की सबसे बड़ी पेपर मिलों में से एक है। देश की दो सबसे बड़ी पेपर मिलों में यह शुमार है। यहां पूर्व में भी हादसे सामने आते रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि मेनटेनेंस की कमी के चलते यहां जब-तब हादसे सामने आते हैं। पूर्व में यहां टिश्यू पेपर प्लांट में ब्लास्ट से भी मजदूर हताहत हुए थे। फिलहाल बुधवार को हुए हादसे में दोपहर तक बचाव व राहत कार्य जारी था।












Click it and Unblock the Notifications