Satna news: लग्जरी कार से अमरपाटन लाई जा रही थी अवैध शराब की खेप, 1 तस्कर गिरफ्तार
अमरपाटन पुलिस ने एक लग्जरी कार में अवैध शराब जब्त की है। इसके साथ ही पुलिस ने प्रिंस प्रताप सिंह नाम के तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।

सतना जिले में शराब तस्करी का मामला सामने आया है। अंग्रेजी गोवा शराब की खेप रामपुर बघेलान से अमरपाटन लायी जा रही थी, पुलिस ने तस्कर को दबोच कर भारी मात्रा में शराब बरामद की है. जब्त शराब की कीमत करीब 84 हजार रुपए आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को पता चला कि एक स्कॉर्पियो कार क्रमांक एमपी 19 सीए 7399 अवैध शराब तस्करी के लिए ले जाई जा रही है। इसकी सूचना पर पुलिस ने कार की घेराबंदी शुरू कर दी। इसी बीच जब कार निकली तो पुलिस ने पीछा किया तो चालक कार भगाने लगा। इसी बीच पुलिस ने इस कार को कर्पवाह गांव के मोड़ के पास पकड़ लिया। पुलिस ने उसमें देखा तो अवैध शराब की पेटियां रखी हुई थीं। जिस पर पुलिस ने कार में सवार प्रिंस प्रताप सिंह नाम के तस्कर को पकड़ लिया। अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
कार से पेटी निकालते समय उसमें 14 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। जिसकी कीमत करीब 84 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने तस्कर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे आज न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अमरपाटन टीआई संदीप भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिली थी कि कार से अवैध शराब अमरपाटन लाई जा रही है। कार्रवाई करते हुए 14 पेटी अंग्रेजी गोवा शराब जब्त की गई है। और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications