धीरेंद्र शास्त्री के बाद अब मोहन सरकार की मंत्री करेंगी पदयात्रा, क्या है मां शारदा दर्शन संकल्प की कहानी?
Pratima Bagri Padyatra: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हिंदू सनातन पदयात्रा ओरछा में 29 नवंबर को समाप्त हो गई है। अब मोहन सरकार की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने मैहर मां शारदा दर्शन संकल्प पदयात्रा करने का बड़ा ऐलान किया है।
नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी विधानसभा क्षेत्र से मैहर के माता शारदा मंदिर तक पदयात्रा करेंगी। मैहर पहुंच कर त्रिकूट पर्वत पर विराजीं माता शारदा के दर्शन करेंगी और फिर मैहर में ही एक सभा के साथ यात्रा का समापन करेंगी।

राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने अपने पद यात्रा कार्यक्रम की जानकारी साझा की है। राज्य मंत्री ने बताया कि रैगांव क्षेत्र से विधायक के तौर पर अपने निर्वाचन के एक वर्ष पूर्ण होने पर उन्होंने मैहर तक पदयात्रा करने का निर्णय लिया है।
यह पदयात्रा 3 दिसंबर को प्रातः 10 बजे सोहावल मोड़ के आगे रैगांव क्षेत्र के इटौरा में स्थित चंडी माता मंदिर से प्रारंभ होगी। रामवन गमन पथ के तौर पर नए बने सतना-मैहर बाईपास मार्ग से होते हुए यात्रा उंचेहरा पहुंचेगी।
पहला पड़ाव उंचेहरा में होगा। अगले दिन 4 दिसंबर को यात्रा पूर्वान्ह 11 बजे उचेहरा रेस्ट हाउस से शुरू होगी और दोपहर 3 बजे मैहर विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। राज्यमंत्री की माता शारदा दर्शन संकल्प पदयात्रा शाम 7 बजे देवी जी धाम पहुंचेगी जहां माता शारदा के दर्शन-पूजन कर रैगांव विधायक आशीर्वाद प्राप्त करेंगी।
राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने बताया कि एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर उन्होंने माता शारदा के दरबार तक पदयात्रा करने का संकल्प लिया था। पदयात्रा में सतना और मैहर जिले के सभी जनप्रतिनिधियों तथा भाजपा नेताओ-कार्यकर्ताओं को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
उत्साहित कार्यकर्ताओं एवं अन्य आमजनों ने यात्रा का जगह-जगह स्वागत करने की तैयारी की है। इस दौरान उन्होंने एक वर्ष में रैगांव क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का भी जिक्र किया है।












Click it and Unblock the Notifications