Satna News: पति की मौत बर्दाश्त न कर सकी पत्नी, गम में त्याग दिये प्राण, एक साथ जलाई गई चिता
Satna News: 87 वर्षीय पूर्व रिटायरमेंट कंपाउंडर हरिशंकर द्विवेदी की बुधवार को मौत हो गई थी। सुबह जब परिजन उनका शव लेकर श्मशान के लिए निकलने लगे तभी उनकी गमगीन पत्नी भी दुनियां से विदा हो गईं।

Satna News: मध्य प्रदेश के सतना जिले में गुरुवार को ऐसा नजारा देखने को मिला जो आमतौर पर फिल्मों में ही देखने को मिलता है। ताला में पति-पत्नी के अमर प्रेम का जीवंत उदाहरण देखने को मिला जब पति की मौत के बाद पत्नी ने भी प्राण त्याग दिए और दोनों की अर्थी एक साथ निकाली गई। जिसके बाद दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया वहीं इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मामला अमरपाटन के ताला थाना अंतर्गत बाजार टोला का है। जहां रहने वाले 87 वर्षीय पूर्व रिटायरमेंट कंपाउंडर हरिशंकर द्विवेदी का बुधवार की शाम 6:00 बजे दुखद निधन हो गया था। दूसरे दिन यानी गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार होना था। परंतु 82 वर्षीय पत्नी उषा द्विवेदी पति का वियोग सह ना सकी और अंतिम संस्कार के पहले लगभग सुबह 5:00 बजे अपने प्राण त्याग दिए। जब यह खबर क्षेत्र में फैली तो हर कोई इस अंतिम यात्रा में शामिल होने आतुर को दिखा।
ताला बजरहा टोला से एक साथ पति-पत्नी की अंतिम यात्रा निकाली गई तो परिवार के साथ-साथ हर किसी की आंखें इस दृश्य को देखकर द्रवित हो उठी।
परिवार जनों का कहना है कि किसी भी कार्यक्रम में या कहीं पर भी जाना होता था तो दोनों पति-पत्नी इस उम्र में भी हमेशा साथ रहते थे। मुक्तिधाम पहुंचकर दोनों के शव एक ही चिता में रखे गए और एक साथ ही अंतिम संस्कार किया गया।
वहीं, भाजपा नेता मनीष चतुर्वेदी ने बताया कि पति-पत्नी दोनों का स्वभाव निहायत ही मधुर था। क्षेत्र के हर व्यक्ति से वे बड़े प्रेम से व्यवहार करते थे। दोनों के अटूट प्रेम की हर कोई मिसाल देता था। उनकी मौत से हम सभी दुखी हैं।












Click it and Unblock the Notifications