भदोहीः कोरोना संदिग्ध के शव को लेकर जा रहे एंबुलेंस और पुलिस टीम पर पथराव
भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के रामपुर गंगा घाट पर एंबुलेंस और पुलिस की जीप पर ग्रामीणों ने जमकर पथराव किया है। दरअसल एंबुलेंस के जरिये एक कोरोना संदिग्ध का शव गंगा घाट पर अंतिम संस्कार के लिए पहुंचा था, जिसका ग्रामीणों के द्वारा विरोध किया गया और ग्रामीणों ने एंबुलेंस और पुलिस जीप पर पथराव किया। किसी तरह एम्बुलेंस चालक और पुलिस जीप में सवार पुलिसकर्मी अपनी जान बचाकर भागे हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

फ़िलहाल पुलिस ने 35 नामजद और 50 अज्ञात पर केस दर्ज कर 6 लोगों को हिरासत में लिया है। दरअसल, सूरत से आए एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जिसको कोरोना संदिग्ध माना जा रहा है। सरकारी एंबुलेंस से उसका शव रामपुर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार करने के लिए पहुंचा था। जैसे ही एंबुलेंस और पुलिस की जीप रामपुर गंगा घाट पर पहुंची तभी ग्रामीणों ने चारों तरफ से एंबुलेंस और पुलिस की जीप पर पथराव कर दिया, जिसके बाद एंबुलेंस चालक ने गांव से किसी तरह से एंबुलेंस को निकाल कर वह एंबुलेंस को लेकर एमबीएस अस्पताल में पहुंच गया।
इसके बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अब उन लोगो को चिन्हित करने में पुलिस जुटी है जिन्होंने ऐसा किया है। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले भी ऐसे ही एक शव को लेकर एंबुलेंस गंगा घाट पर पहुंची थी, जिस पर ग्रामीणों के द्वारा पथराव किया गया था।
उस वक्त किसी तरह ग्रामीणों को मनाकर पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार करा दिया था। वहीं अब इस मामले में एम्बुलेंस एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष का कहना है की इसके पहले भी एक बार पथराव कराया जा चुका है। ऐसे में पुलिस को प्रयाप्त सुरक्षा व्यवस्था देनी होगी तभी एम्बुलेंस कर्मी अब इस तरह का काम कर पाएंगे ।












Click it and Unblock the Notifications