UP News: रात में बिस्तर पर सो रहे थे पति-पत्नी, शरारती तत्वों ने फेंक दिया पटाखा, झुलस गया महिला का अंग
UP News Hindi: उत्तर प्रदेश के भदोही में बिस्तर पर सो रहे पति पत्नी के ऊपर शरारती तत्वों ने पटाखा फेंक दिया। जिससे महिला का अंग झुलस गया।

UP News: उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में बिस्तर पर सो रहे पति पत्नी के ऊपर शरारती तत्वों ने पटाखा फेंक दिया। पटाखे की चिंगारी से महिला का शरीर झुलस गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार चल रहा है।
महिला के परिजनों द्वारा पुलिस से शिकायत की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस शरारती तत्वों की तलाश में जुटी हुई है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक भदोही ने बताया कि मामले की जांच जारी है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
यह पूरा मामला भदोही जनपद के दुर्गागंज थाना अंतर्गत वीरापुर गांव का है। पीड़ित परिवार का कहना है कि परिवार के लोग रविवार रात्रि में खाना खाने के बाद बरामदे में सो रहे थे।
मध्य रात्रि में जब परिवार के लोग गहरी निद्रा में थे, इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और सुतली बम में आग लगाकर बिस्तर पर फेंक दिए। सुतली बम फेंकने के बाद शरारती तत्व वहां से भाग गए।
तेज धमाके के साथ सुतली बम ब्लास्ट किया जिससे 48 वर्षीय सूफिया बेगम घायल हो गई। वहीं सुतली बम की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भी नींद खुल गई और लोग पीड़ित के घर पहुंचे।
पटाखे की चिंगारी से घायल सूफिया बेगम को परिवार के लोग अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसका उपचार चल रहा है। रात में ही पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस को सूचना दी गई सूचना मिलने के बाद दुर्गागंज थानाध्यक्ष विनोद कुमार फोर्स लेकर गांव में पहुंचे।
गांव में पहुंचने के बाद उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और घायल महिला के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है, जल्द ही ऐसी हरकत करने वाले शरारती तत्वों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक भदोही द्वारा सोमवार सुबह बयान जारी करते हुए मीडिया को बताया गया कि सो रहे पति पत्नी के ऊपर शरारतवश किसी के द्वारा पटाखा फेंक दिया गया था, जिससे महिला के हाथ पर आंशिक चोट आई है। मामले की जांच स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications