'अपराधियों और भ्रष्टाचारियों के सहारे सत्ता में थी सपा', कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने दिया बड़ा बयान
Cabinet Minister Sanjay Nishad: निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ संजय निषाद ने भदोही में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश में होने वाले उपचुनाव से पहले समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भ्रष्ट लोगों और अपराधियों के समर्थन से सत्ता में थी और इसी वजह से अखिलेश यादव और उनके लोग अब सत्ता से दूर हुए। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव जिस तरीके से बचाव में बोल रहे हैं, उससे अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है।

दरअसल निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद भदोही में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। रविवार को कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
मुलाकात करने के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में मझवा और कटेहरी विधानसभा सीट पर उनके प्रत्याशी मैदान में रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन दो विधानसभा सीटों पर हमारी पूरी तैयारी चल रही है।
इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि सभी दसों विधानसभा सीटों पर पार्टी द्वारा प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। जिन सीटों पर एनडीए के प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरेंगे वहां पर हमारे पार्टी के नेता और कार्यकर्ता एनडीए के प्रत्याशी का समर्थन करेंगे।
भदोही में पार्टी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने और बैठक करने के अलावा उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सभी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा।












Click it and Unblock the Notifications