बारिश के बाद खेत में मिले राजा-महाराजाओं जमाने के सिक्के और टूटी मूर्तियां, लोग बोले- यहां है खजाना
भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के केदारपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब पहली बारिश के बाद एक व्यक्ति के खेत से राजा-महाराजाओं के समय के तांबे के सिक्के और टूटी मूर्तियां पाए गए। यह खबर इलाके में आग की तरह फैल गयी। लोगों ने तो यह भी कहा कि सोने के सिक्के भी मिले हैं लेकिन, सोने के सिक्के के साथ अब तक कोई ऐसा व्यक्ति सामने नहीं आया है। ऐसा माना जाता है कि हर साल पहली बारिश के दिन खेत से सिक्के और कुछ पुरानी टूटी मूर्तियां पाई जाती हैं।

भगवान शिव व विष्णु का है मंदिर
भदोही के जिला मुख्यालय से तकरीबन 10 किलोमीटर दूर केदारपुर गांव है। यहां भगवान शिव और विष्णु के मंदिर के निकट स्थित खेत से बारिश के बाद बच्चों और गांव के कुछ लोगों को तांबे के सिक्के मिले। खेत से सोने के सिक्के पाए जाने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि कोई व्यक्ति सामने नहीं आया जिसको मिला है।

सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है कि खेत में सोने के सिक्के मिले हैं। ग्रामीणों की मानें तो यहां हर साल बारिश के दौरान मंदिर के पास खेत की मिट्टी हटाने पर सिक्के और टूटी हुई मूर्तियां मिलती हैं। गांव के लोगों का ऐसा मानना है कि प्राचीन काल में यहां कोई खजाना जमीन के अंदर रखा गया है। लोगों ने यह भी बताया गया कि जब भी कोई जमीन की खुदाई करता है तब कोई न कोई अनहोनी हो जाती है।












Click it and Unblock the Notifications