Bhadohi News: रिसेप्शन पार्टी से गायब हुई 8 वर्षीय बालिका, दूसरे दिन तालाब किनारे मिली लाश
भदोही जिले में गुरुवार को एक 8 वर्षीय बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Bhadohi जिले में घर से गायब एक मासूम बालिका की लाश गुरुवार को तालाब किनारे मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बालिका की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। परिजनों का आरोप है कि रेप करने के बाद बालिका की हत्या की गई है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बालिका की लाश कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

परिजनों के साथ गई थी रिसेप्शन में
मामला भदोही जनपद के चौरी थाना क्षेत्र का है। चौरी थाना क्षेत्र के बहुतरा गांव की रहने वाली 8 वर्षीय मासूम बालिका अपने परिजनों के साथ बुधवार की रात में बनवासी बस्ती में एक रिसेप्शन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गई थी। परिजनों ने बताया कि बुधवार की रात 10 बजे बालिका रिसेप्शन से गायब हो गई। रात में परिजनों को लगा कि वह अपने घर चली गई होगी ऐसे में उसे खोजने का कोई प्रयास नहीं किया। गुरुवार की सुबह तक वह अपने घर नहीं पहुंची तो परिवार वाले खोजबीन करने लगे।

सूखे तालाब के किनारे मिली लाश
बताया जा रहा है कि घर से करीब 300 मीटर दूर जीयनपुर गांव में एक सूखे तालाब के किनारे गुरुवार को ग्रामीणों उसे मृत अवस्था में देखा। ग्रामीणों के सूचना के बाद उसके परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ ही पुलिस अधीक्षक भदोही, एडिशनल एसपी राजेश भारती और क्षेत्राधिकारी उमेश्वर प्रभात सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल पर मौजूद भीड़ को पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर खदेड़ दिया। उसके बाद फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच कर साक्ष्य संकलन की।
पीएम के बाद स्पष्ट हो पाएगा मामला
घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन करने के बाद पुलिस ने बालिका की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बारे में पुलिस अधीक्षक भदोही डॉक्टर अनिल कुमार द्वारा बताया गया कि बुधवार रात में बालिका एक फंक्शन में शामिल होने के लिए गई थी और वहीं से गायब हो गई। सुबह बालिका की लाश मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ ही फॉरेंसिक टीम द्वारा भी मौके पर जांच पड़ताल की गई। बालिका की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कार्य स्पष्ट हो पाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई है, जल्द ही इस घटना का अनावरण करते हुए दोषी के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications