Sambhal News: 'समस्या का अंतिम पड़ाव है मेरा दफ्तर'- डीएम राजेंद्र पैंसिया की ये तस्वीर क्यों हो रही वायरल?
Sambhal DM viral: संभल के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया अपने काम के अलग अंदाज़ को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। उनकी टेबल पर लगे दो छोटे-छोटे संदेश आम जनता की सोच को झकझोरने का काम कर रहे हैं। इन संदेशों के साथ उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
पहले नोट में लिखा है 'मेरी मेज पर रखी प्रत्येक पत्रावली के पीछे एक व्यक्ति खड़ा है...'। इसी तरह दूसरी प्लेट पर लिखा गया है 'आपकी समस्या का अंतिम पड़ाव'। इन शब्दों ने डीएम के कार्यशैली को लेकर लोगों के मन में सम्मान बढ़ा दिया है।

डॉ. पैंसिया का कहना है कि उनके लिए हर फाइल सिर्फ कागज नहीं, बल्कि किसी व्यक्ति की उम्मीद होती है। उनका प्रयास यही रहता है कि फरियादी को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें और उसे समय पर समाधान मिले।
जनसुनवाई को दी जा रही प्राथमिकता
डीएम ने बताया कि वे नियमित रूप से कार्यालय में बैठकर जनसमस्याएं सुनते हैं। उन्होंने जिले के सभी अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे भी समय पर ऑफिस में मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का निस्तारण करें।
उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा है कि लोगों को समय पर राहत मिले और यही उनका उद्देश्य भी है। कुछ मामलों में तो उन्हें स्वयं मौके पर जाकर समाधान करना पड़ा है ताकि समस्या का स्थायी हल निकल सके।
वायरल तस्वीर ने बटोरी सराहना
डीएम की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है, जिसमें वे टेबल पर रखी फाइलों की जांच करते नजर आ रहे हैं। ठीक उनके सामने वही दोनों संदेश दिखाई दे रहे हैं, जो अब चर्चा का केंद्र बन गए हैं।
यूजर्स इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिख रहे हैं कि "काश हर अफसर ऐसा सोचता, तो कोई भी फाइल धूल न खाती।" कई लोगों ने यह भी कहा कि यह संदेश केवल दिखावे के लिए नहीं, बल्कि एक सोच की झलक है।
पहले खेत में काम कर सुर्खियों में आए थे डीएम
इससे पहले अप्रैल माह में डीएम पैंसिया का एक और वीडियो वायरल हुआ था। क्रॉप कटिंग योजना के निरीक्षण के दौरान वे खजरा खाकम गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने खुद हंसिया उठाकर गेहूं की कटाई शुरू कर दी थी।
उनके इस व्यवहार ने ग्रामीणों को खासा प्रभावित किया था। आसपास के किसानों से उन्होंने लागत, मेहनत और मुनाफे को लेकर भी बातचीत की थी। कई ग्रामीणों ने उनके साथ तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाले थे।












Click it and Unblock the Notifications