CO Anuj Chaudhary: सपा सांसद वीरेंद्र सिंह का बड़ा हमला, सीओ अनुज चौधरी को बताया 'मुख्यमंत्री का चहेता गुंडा'
Sambhal CO Anuj Chaudhary: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस अधिकारी अनुज चौधरी के जुमे और होली वाले बयान का विवाद बढ़ता ही जा रहा है। जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका समर्थन किया, वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता उन पर लगातार हमलावर हैं। सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने तो उन्हें 'मुख्यमंत्री द्वारा पाला हुआ टुच्चा गुंडा' तक कह दिया।
इससे पहले, सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी अनुज चौधरी के बयान की आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी ही इस तरह की नकारात्मक बातें करेंगे, तो समाज में सौहार्द कैसे बना रहेगा? इस मामले पर सपा नेता रामगोपाल यादव ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि व्यवस्था बदलने पर ऐसे लोग जेल में होंगे।

सपा सांसद वीरेंद्र सिंह का तीखा बयान
समाजवादी पार्टी के चंदौली से सांसद वीरेंद्र सिंह ने CO अनुज चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री द्वारा पाला हुआ टुच्चा गुंडा है, इसलिए ऐसी बयानबाजी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब सरकार खुद अधिकारियों को इस तरह की भाषा बोलने के लिए प्रोत्साहित करेगी, तो समाज में तनाव ही फैलेगा।
सांसद वीरेंद्र सिंह का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बीजेपी समर्थक इसे अनुज चौधरी के समर्थन में देख रहे हैं, जबकि विपक्ष इसे प्रशासनिक बदजुबानी करार दे रहा है। इस पूरे मामले ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।
सीएम योगी का विपक्ष का हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में CO अनुज चौधरी के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि हमारा पुलिस अधिकारी जो है, वह पहलवान रहा है। पहलवान है तो पहलवानी की तरह बोलेगा, जिससे कुछ लोगों को बुरा लग सकता है, लेकिन यह सच्चाई है। इस सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए।
योगी के इस बयान के बाद विपक्ष ने हमला और तेज कर दिया। सपा नेताओं ने कहा कि सरकार अधिकारियों को समाज में विभाजन फैलाने के लिए खुली छूट दे रही है। वहीं, बीजेपी नेताओं का कहना है कि अधिकारी ने कुछ भी गलत नहीं कहा है, बल्कि सच्चाई बयान की है।
क्या है पूरा मामला?
CO संभल अनुज चौधरी ने हाल ही में एक बयान दिया था कि होली साल में एक बार आती है, जबकि जुमे की नमाज हर हफ्ते होती है। उनके इस बयान पर विपक्ष ने नाराजगी जताई और कहा कि यह बयान सांप्रदायिक तनाव को बढ़ाने वाला है।
इस बयान के बाद जहां बीजेपी और हिंदू संगठनों ने उनका समर्थन किया, वहीं मुस्लिम समुदाय और विपक्षी दलों ने इस पर आपत्ति जताई। सोशल मीडिया पर भी लोग दो धड़ों में बंट गए हैं-कुछ लोग अनुज चौधरी के समर्थन में हैं, तो कुछ उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
CO अनुज चौधरी के बयान के बाद यूपी की राजनीति गरमा गई है। सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि सत्ता बदलने पर ऐसे अधिकारियों को जेल भेजा जाएगा। वहीं, बीजेपी नेताओं ने इसे राष्ट्रहित में दिया गया बयान बताया और कहा कि अधिकारी अपने कर्तव्य का पालन कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications