सहारनपुर के युवक ने हैक की चुनाव आयोग की वेबसाइड, बनाए हजारों फर्जी पहचान पत्र, गिरफ्तार
सहारनपुर, 13 अगस्त: सहारनपुर पुलिस ने नकुड़ इलाके से एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग की वेबसाइड में ही सेंधमारी कर डाली। वेबसाइड हैक करके युवक ने तीन महीने में 10 हजार से ज्यादा फर्जी वोटर आईडी कार्ड बना डाले। युवक का नाम विपुल सैनी है, जो नकुड़ इलाके में अपनी कंप्यूटर की दुकान चलाता है। पुलिस ने सैनी को गुरुवार की रात गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी युवक को कोर्ट में पेश करके उसकी न्यायिक हिरासत की मांग करेगी।

ओरिजन पासवर्ड डालकर वेबसाइड पर करता था लॉगइन
सहारनपुर के एसएसपी एस चेन्नपा ने बताया कि विपुल सैनी नाम के युवक ने नकुड़ इलाके में अपनी कंप्यूटर की दुकान में कथित तौर पर हजारों की संख्या में मतदाता पहचान पत्र बनाए थे। पुलिस के अनुसार, युवक आयोग की वेबसाइट में उसी पासवर्ड के जरिए लॉगइन करता था, जिसका इस्तेमाल आयोग के अधिकारी करते थे। गड़बड़ी के अंदेशे के चलते आयोग ने जांच एसेंसियों को मामले की जानकारी दी। जांच के दौरान विपुल सैनी पर शक हुआ, जिसके बाद एजेंसी ने सहारनपुर पुलिस को विपुल के बारे में जानकारी दी। साइबर सेल और सहारनपुर अपराध शाखा के संयुक्त टीम ने गुरुवार को सैनी को गिरफ्तार कर लिया।
किसके इशारे पर काम करता था विपुल सैनी ?
पुलिस के मुताबिक, विपुल सैनी ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह मध्य प्रदेश के हरदा निवासी अरमान मलिक के इशारे पर काम कर रहा था। उसने 3 महीने में 10 हजार से अधिक वोटर आईडी कार्ड बना लिए थे। एक पहचान पत्र के एवज में उसे 100 से 200 रुपए मिलते हैं। एसएसपी चेन्नपा के मुताबिक, जांच में विपुल सैनी के बैंक अकाउंट से 60 लाख रुपए मिले हैं। खाते से लेनदेन पर तत्काल रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि सैनी के खाते में इतनी रकम कहां से आई इसकी जांच की जाएगी। बता दें, विपुल सैनी के पिता किसान हैं। सैनी ने सहारनपुर जिले के एक कॉलेज से बीसीए किया है।












Click it and Unblock the Notifications