यूपी पुलिस के दरोगा ने की खुदकुशी, मौत से पहले महकमे में शोषण की खोली पोल
Saharanpur news, सहारनपुर। सहारनपुर के देवबंद कोतवाली में तैनात यूपी पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर ने फांसी से लटककर जान दे दी। घटना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। चर्चा है कि एसआई पुलिस अधिकारियों के शोषण से कई दिनों से परेशान था। फिलहाल, इस मामले में कोई भी अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ड्यूटी के बाद पहुंचे घर
मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी कुलदीप कुमार पुत्र अशोक कुमार चौधरी (32) देवबंद में बीते चार महीने से प्रशिक्षु उपनिरीक्षक के तौर पर देवबंद की रणखंडी पुलिस चौकी पर तैनात थे। गुरुवार सुबह वह करीब 9 बजे ड्यूटी समाप्त करने के बाद नगर के रेलवे रोड स्थित अपने किराये पर लिए आवास पर पहुंचे।

दरवाजा खोलकर देखा तो उड़ गए पुलिसवालों के होश
इसी दौरान कोतवाली में तैनात साथी ने किसी काम के लिए उनको फोन किया, लेकिन जब काफी देर तक फोन नहीं उठा तो वह उनके आवास पर पहुंचा। दरवाजा न खुलने पर उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर देखा तो कुलदीप कुमार का शव फंदे पर लटका मिला। अंदर का नजारा देख पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए।

कई दिनों से तनाव में था एसआई
सीओ सिद्धार्थ सिंह व खुफिया विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। फिलहाल, पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बताया जाता है कि मृतक एसआई कुलदीप कुमार पिछले कई दिनों से किसी बात को लेकर तनाव में थे। वहीं, मामले को लेकर स्थानीय अधिकारी चुप्पी साधे हैं। घटना के बाद से देवबंद कोतवाल भी थाने से नदारद हैं।

मौत के बाद हो रही ये चर्चा
बता दें, कुलदीप कुमार के पिता आर्मी से रिटायर्ड है, जो परिवार के साथ मेरठ के कंकरखेड़ा रह रहे हैं। एसआई के एक बेटा और एक बेटी है। चर्चा है कि मरने से कुछ मिनट पहले ही उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर अपनी पत्नी को व्हाट्सएप पर कोई आडियो मैसेज छोड़ा था, जिसमें उन्होंने महकमे के ही कुछ अधिकारियों पर शोषण करने समेत गंभीर आरोप लगाए। हालांकि, पुलिस के अधिकारी पूरे मामले पर चुप्पी साधे है और जिस कमरे में आत्महत्या हुई पुलिस ने उस कमरे को सील कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications