सहारनपुर की पॉश कालोनी में दंपत्ति की बेरहमी से हत्या, हत्यारे फरार
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बुधवार को दिन दिहाडे़ बदमाशों ने एक दम्पत्ति को धारदार हथियारों से हमला कर लहूलुहान कर दिया। उपचार के दौरान दंपत्ति की सरकारी अस्पताल में मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मे हड़कंप मच गया और डीआईजी, एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ सहित भारी संख्या में पुलिस बल, डॉग स्क्वॉयड व फारेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जांच की।

घर में घुसकर किया हमला
घटना रामपुर मनिहारान कस्बे की पॉश कालोनी शिवपुरी की है। 55 वर्षीय पंडित कृष्ण कुुमार शर्मा पुत्र बूलचंद अपनी पत्नी सुनीता के साथ रहते थे। बुधवार को सुबह करीब दस बजे कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनके मकान में घुसकर धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया, जिससे पति व पत्नी दोनों लहूलुहान हो गए। मकान के अंदर से चीखने चिल्लाने की आवाजें सुनकर पड़ोड़ियों को मौके पर आता देखकर बदमाश मकान की छत के रास्ते से फरार हो गए।

अस्पताल में पति-पत्नी की मौत
क्षेत्रवासियों ने दोनों को लहूलुहान हालत में देखकर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। रामपुर मनिहारान कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया मय फोर्स के आनन-फानन में घटना स्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी अपने आला अधिकारियों को दी। गंभीर रूप से घायल हुए दंपत्ति को सीएचसी में में उपचार के लिए भेज दिया, जहां पर चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां पति पत्नी की मौत हो गई।

पुलिस ने की जांच
डबल मर्डर की सूचना मिलते ही डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल, एसएसपी दिनेश कुमार, एसपी सिटी विनित भटनागर, सीओ यतेन्द्र सिंह नागर ने घटना की जानकारी ली व फोरेंसिक और डॉग स्कवॉयड की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर गहनता से जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से एक धारदार हथियार पलकटी भी बरामद की है। अनुमान लगाया गया है कि हत्यारों ने हत्या के समय पलकटी का इस्तेमाल किया है।

एसओजी, सर्विलांस व पुलिस की तीन टीमें गठित
मृतक के दामाद डॉ. प्रभात शर्मा की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि एसएसपी दिनेश कुमार ने बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी व घटना का खुलासा करने के लिए एसओजी, सर्विलांस व पुलिस की तीन टीमें गठित की है।












Click it and Unblock the Notifications