दलित प्रधान ने किया गांव से पलायन, कहा- योगी सरकार के मंत्री के करीबी कर रहे दबंगई
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दबंगों के आतंक से तंग आकर एक दलित को आखिरकार अपने गांव को छोड़ना पड़ा है। गांव से पलायन करने वाला यह कोई आम व्यक्ति नहीं है बल्कि गांव का मौजूदा प्रधान है। उनका आरोप है कि स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री डॉक्टर धर्म सिंह सैनी के समर्थकों ने पलायन करने पर मजबूर कर दिया है।

सहारनपुर के थाना चिलकाना क्षेत्र में रहने वाले प्रवीण कुमार गांव अब्दुल्लापुर हार्डी के मौजूदा ग्राम प्रधान हैं। प्रधान का कहना है कि 2 वर्ष पूर्व गांव में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के स्वतंत्र प्रभार मंत्री के समर्थकों ने उनके और परिजनों के साथ जबरदस्ती मारपीट की थी और गांव से भगाने का भी प्रयास किया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों पर एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में चालान करके जेल भेज दिया। जेल से छूटने के बाद दबंग लोग ग्राम प्रधान पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।

ग्राम प्रधान प्रवीण कुमार का आरोप है कि उनके परिवार पर हमला करने वाले और अब जान से मारने की धमकी देकर गांव से पलायन कराने वाले दबंग भारतीय जनता पार्टी के एक मंत्री के बेहद करीबी हैं जिस कारण पुलिस प्रशासन भी उन पर हाथ डालने से हिचक रही है। ग्राम प्रधान ने अपने परिवार के साथ गांव अब्दुल्लापुर हार्डी से पलायन कर लिया है।

पलायन करके सीधे एसएसपी ऑफिस के सामने पुलिस लाइन में धरने पर बैठ गये। पुलिस अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर पुलिस लाइन से तो ग्राम प्रधान और उसके परिवार वालों को वापस भिजवा दिया लेकिन ग्राम प्रधान अब भी अपने गांव वापस जाने के लिए तैयार नहीं है। उनका कहना है कि उनको खौफ इस बात का है कि कहीं बीच रास्ते में मंत्री के दबंग समर्थक उनकी हत्या ना करा दे।












Click it and Unblock the Notifications