MP: जिला अस्पताल में 4 साल से डॉक्टर गायब! जेडी हेल्थ ने विभागीय कार्रवाई का दिया नोटिस
सागर जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. ए दुबे बीते चार साल से ड्यूटी पर नहीं आए। वे नौकरी छोड़कर नहीं गए, न रिजाइन किया, न विभाग को सूचना दी। जेडी हेल्थ ने उन्हें आरोप पत्र देकर अनुशासनात्मक कार्रवाई का नोटिस दिया है।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी अनुसार जिला अस्पताल सागर में पदस्थ पीजीएमओ डॉ. ए दुबे बीते 17 अक्टूबर 2018 से ड्यूटी से नदारद हैं। सिविल सर्जन कार्यालय ने इस आशय की सूचना समय-समय पर सीएमएचओ कार्यालय व ज्वाइंट डायरेक्टर कार्यालय को भेजी थी। मामले में गायब डॉक्टर ए दुबे के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का नोटिस जारी किया गया है। जेडी हेल्थ की तरफ से जारी नोटिस में विभागीय जांच के संबंध में जानकारी देते आरोप पत्र भी दिया गया है।
Recommended Video
नोटिस में पीजीएमओ डॉ. दुबे को संबोधित करते हुए कहा गया है कि आप बिना किसी पूर्व सूचना या बगैर अनुमति के अनाधिकृत रूप से ड्यूटी से नदारद हैं। यह सिविल सेवा आचरण नियम के मुताबिक न होकर कर्तव्यहीनता की श्रेणी में आता है। नोटिस में 15 दिन में जवाब मांगा गया है। जवाब न देने की स्थिति में उनके खिलाफ एक पक्षीय कार्रवाई की जाएगी। हालांकि बताया जा रहा है कि गायब डॉ. सागर जिले के न होकर किसी अन्य शहर से सागर नौकरी के लिए आए थे। नोटिस रिसीव हुआ या नहीं, यह जानकारी विभाग देने से कतरा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications