भाजपा कार्यकर्ता अगर ठान लें तो पत्थर से निकाल सकते हैं पानी: केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल
Sagar BJP News: केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं में वह सामर्थ्य है कि अगर वह ठान लें तो पत्थर से भी पानी निकाल सकते हैं। आज हम सभी कार्यकर्ताओं को बंडा और देवरी विधानसभाओं के साथ-साथ पूरे प्रदेश में ऐतिहासिक जीत हासिल करने का संकल्प लेना है।
गुरूवार को सागर जिले की बंडा और देवरी विधानसभा में आयोजित विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि हमें हर सीट पर जीत हासिल करना है, ताकि लोकसभा के साथ-साथ राज्यसभा में भी हमारा बहुमत रहे और हमारी सरकार धारा 370 हटाने जैसे बड़े फैसले ले सके। इसके लिए हम सभी को परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए आगमी चुनाव में जुटना होगा।

हमारे विचार के खिलाफ एकजुट हो रहे विपक्षी
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता उस विचार के लिए काम करते हैं, जिसे हराने के लिए आज दुश्मन भी एकसाथ आ रहे हैं। पहले सरकार बनाने के लिए कई दल मिलकर गठबंधन बनाते थे, लेकिन अब गठबंधन का विपक्ष बन रहा है।
पटेल ने कहा कि बीजेपी का विचार आज देश और दुनिया में नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जिसका मुकाबला करने की क्षमता इन दलों में नहीं है। प्रहलाद पटेल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों ने गरीब कल्याण की अनेक योजनाएं लागू की हैं, इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता प्रयास करें और उन्हें पार्टी से जोड़ें।
सम्मेलन में अतिथियों का स्वागत पूर्व विधायक रामसिंह राठौर ने किया और संचालन मंडल अध्यक्ष विवेक मिश्रा ने किया। आभार प्रदर्शन विधानसभा संयोजक मंगलसिंह दादाजी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जाहर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिराम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव राज कुकरेले, वीरेंद्र सिंह लंबरदार,सहित सभी मंडलों के पदाधिकारी शामिल रहे।












Click it and Unblock the Notifications