CM Shivraj Singh Chauhan 'गुलाना' से करेंगे 'स्कूल चलें हम' अभियान का शुभारंभ
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश में सोमवार से 'स्कूल चलें हम' अभियान का शुभारंभ करने जा रहे हैं। प्रदेश का पहला सीएम राइज स्कूल शाजापुर जिले के गुलाना में बनकर तैयार हुआ है। नए भवन से सीएम खुद अभियान का शुभारंभ करने जा रहे हैं। इस अवसर पर पूरे प्रदेश में काय्रक्रम का आयोजन होगा। सागर में इसके लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।

जानकारी अनुसार 'स्कूल चलें हम अभियान 2023' का शुभारंभ 17 जुलाई से होगा। इसमें सागर जिले की 2961 स्कूलों में स्कूल चलें अभियान अभियान आयोजित किया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने 'स्कूल चलें हम अभियान 2023' को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कार्यक्रम दिवस पर सभी शालाओं में एसएमडीसी, एसएमसी की विशेष बैठक एवं अभिभावक- शिक्षक बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें शाला के पूर्व विद्यार्थियों एवं जन-प्रतिनिधिगण आमंत्रित होंगे।
'भविष्य से भेंट' कार्यक्रम भी होंगे
स्कूल चलें हम अभियान को जन आंदोलन में बदलने के लिए 17 से 19 जुलाई तक सभी शासकीय शालाओं में जन-समुदाय की सहभागिता में 'भविष्य से भेंट' कार्यक्रम भी होंगे। इसमें विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध प्रभावशाली, प्रबुद्ध एवं सम्मानित व्यक्ति, स्थानीय विशिष्ट व्यक्ति आदि प्रेरक की भूमिका में विद्यार्थियों से भेंटकर अपने अनुभवों को साझा करेंगे और बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करेंगे। इसका राज्य स्तरीय कार्यक्रम शाजापुर जिले के गुलाना में नवनिर्मित सीएम राइज विद्यालय में आयोजित होगा। बता दें कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुलाना में 42 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार हुए प्रदेश के पहले सीएम राइज़ स्कूल भवन का लोकार्पण भी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications