MP News: शादी की सेज से पहले क्यों भागी दुल्हन, जानिए कैसे युवक के साथ ग्वालियर से पकड़ी गई, सागर में हंगामा

MP News Sagar: शादी की रौनक के बीच मातम और तनाव की चादर ओढ़ चुका सागर जिले का सानौधा गांव इन दिनों पुलिस और प्रशासन की निगरानी में है। शनिवार को गांव में उस वक्त तनाव फैल गया जब शादी के एक दिन पहले 18 वर्षीय युवती को उसी गांव के युवक द्वारा भगाने की घटना सामने आई।

मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण तनाव ने उग्र रूप ले लिया, और देखते ही देखते हिंसा, आगजनी और पथराव में तब्दील हो गया।

MP news Uproar in Sanodha sagar over kidnapping of girl before marriage youth arrested in gwalior

घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि आरोपी युवक और युवती को पुलिस ने ग्वालियर से बरामद कर लिया है। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

MP News: शादी की तैयारियों के बीच टूटा भरोसा

गांव के रहने वाले राकेश (बदला हुआ नाम) ने बताया कि उनकी भतीजी की शादी 20 अप्रैल को तय थी और 19 तारीख को लगुन की रस्म होनी थी। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल था, मेहमान आ चुके थे और घर रंग-बिरंगी रोशनी से सजा था। लेकिन शुक्रवार सुबह जैसे ही पता चला कि लड़की घर से लापता है, पूरा माहौल एक झटके में बदल गया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि रात 2 से 3 बजे के बीच गांव का ही युवक अनस अली (22), पुत्र कल्लू अली, युवती को बहला-फुसलाकर भगाकर ले गया। साथ ही, युवती अपने साथ गहने और नकद भी लेकर गई।

पुलिस की लापरवाही से भड़का आक्रोश

युवती के परिजनों ने सानौधा थाने में जब शिकायत की, तो पुलिस ने शुरुआती घंटों में इसे गंभीरता से नहीं लिया। सीसीटीवी फुटेज भी परिजनों ने खुद ढूंढकर पुलिस को सौंपा, जिसमें युवक-युवती को सिहोरा की ओर जाते देखा गया। इसके बावजूद कार्रवाई में देर हुई।

युवती की लोकेशन भोपाल में ट्रेस होने के बाद पुलिस वहां पहुंची, लेकिन केवल अनस की गाड़ी बरामद करके लौट आई। इस लापरवाही को लेकर गांव में आक्रोश फैलने लगा।

MP News: शनिवार को हिंसा में बदला गुस्सा

शनिवार को ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। अनस अली का घर, मोबाइल रिपेयरिंग और कोल्ड ड्रिंक की दुकानें निशाने पर आ गईं। आक्रोशित लोगों ने दुकानों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

स्थिति को बिगड़ते देख आसपास के थानों से अतिरिक्त बल बुलाया गया। देर शाम तक पुलिस ने हालात काबू में कर लिए, लेकिन गांव में तनाव कायम रहा।

प्रेमी जोड़ा ग्वालियर से पकड़ा गया

शनिवार देर रात ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर अनस अली और युवती को हिरासत में ले लिया गया। सागर एसपी की अपील पर ग्वालियर पुलिस ने अलर्ट रहते हुए यह कार्रवाई की। रविवार सुबह दोनों को सागर लाया गया, जहां महिला थाने में युवती के बयान दर्ज किए गए।

एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने बताया कि युवती सुरक्षित है और उसके बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, अपहरण सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

युवक और परिवार पर गंभीर आरोप

ग्रामीणों और युवती के परिजनों का कहना है कि अनस और उसका परिवार अपराधी प्रवृत्ति का है। उन पर सट्टा, शराब और अवैध धंधों में लिप्त होने के आरोप हैं। घटना के बाद से पूरा परिवार फरार है। पुलिस ने अनस के पिता को पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि कठोर कार्रवाई में देर की जा रही है।

शादी की खुशियों पर छाया मातम

परिवार की भावनाएं इस घटना से चूर-चूर हो चुकी हैं। युवती के चाचा राकेश ने कहा, "शादी का सपना हमारी आंखों में ही रह गया। हमने समाज में जो इज्जत कमाई थी, सब एक रात में खत्म हो गई। पुलिस समय पर हरकत में आती तो शायद हम अपनी बच्ची और सम्मान दोनों बचा लेते।"

पुलिस की कार्रवाई जारी, गांव में निगरानी तेज

फिलहाल पुलिस ने अनस अली के खिलाफ कड़ा मामला दर्ज कर लिया है और उसके साथियों व परिजनों की तलाश तेज कर दी गई है। हिंसा, आगजनी और पथराव के आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर पहचान की जा रही है।

गांव में हालात तनावपूर्ण शांत हैं। एसडीएम अदिति यादव, एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा सहित अन्य अधिकारी गांव में डटे हुए हैं। सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, रेपिड एक्शन फोर्स, और राजस्व अमला तैनात किया गया है।

सामाजिक सौहार्द और प्रशासनिक चुनौती

यह घटना केवल एक युवती और उसके परिवार की व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि सामाजिक तनाव और सांप्रदायिक संतुलन की गंभीर चुनौती भी बनकर सामने आई है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी घटनाओं से दूसरे समुदायों के बीच अविश्वास बढ़ता है, और इन्हें संभालना प्रशासन के लिए अग्निपरीक्षा बन जाता है।

अब सिर्फ न्याय नहीं, विश्वास बहाल करना भी जरूरी

सानौधा की यह घटना मध्य प्रदेश में सामाजिक सौहार्द और महिला सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। अब प्रशासन की चुनौती सिर्फ दोषियों को सजा दिलाने की नहीं, बल्कि गांव में सामाजिक शांति और आपसी विश्वास बहाल करने की भी है।

शादी के घर में जो संगीत बजना था, वह अब चीखों और आंसुओं की गूंज में बदल चुका है। क्या इस गूंज को फिर से विश्वास की आवाज में बदला जा सकेगा? यह आने वाले दिनों में प्रशासन, समाज और न्याय व्यवस्था की संयुक्त परीक्षा होगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+