Sagar news::‘समाज बांटने वाला है उनका एजेंडा' , BJP प्रत्याशी मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना
MP assembly election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी घोषित होने के बाद नेता नामांकन के पहले मिले वक्त में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करने में जुटे हैं। सागर खुरई से बीजेपी प्रत्याशी और मंत्री भूपेन्द्र सिंह की मैराथन बैठकों का दौर चल रहा हैं। इस बहाने कांग्रेस को आड़े हाथों लेकर बीजेपी की ताकत भी बताई जा रही हैं।
सागर समसपुर सिद्धधाम टेकरी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मलेन में भूपेन्द्र सिंह बोले कि जात बिरादरी की बातें सिर्फ चुनाव तक सीमित होती हैं। सही अर्थों में तो जीवन में सिर्फ विकास ही काम में आता है। भाजपा की सरकार किसी की जाति देख कर विकास के काम नहीं करती, सभी की प्रगति के लिए योजनाएं बनाती है।

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि यह तथ्य है कि कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के 15 महीनों में किसी के खाते में एक रुपया भी नहीं आया। और दूसरी तरफ भाजपा की सरकार है जिसमें बैंक से पैसा निकाल कर लौटें तो दूसरी बार खाते में पैसा आने की सूचना मिल जाती है। यह भाजपा सरकार के गरीब कल्याण महाअभियान की देन है जिसमें हमने हर गरीब के आर्थिक सशक्तिकरण का काम किया है। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि एक औसत ग्रामीण परिवार के खाते में साल भर में 90 हजार रुपए भाजपा सरकार की योजनाओं से सीधे खाते में राशि आ जाती है। दूसरी तरफ कमलनाथ की सरकार थी जिसने कर्जामाफी का झांसा देकर सरकार बनाई थी और सारे किसानों को धोखा देकर डिफाल्टर बना कर छोड़ दिया।
भूपेन्द्र सिंह बोले कि कांग्रेस के लोग वोट मांगने आएं तो उनसे जनता पूछे कि आपने 60 साल तक देश और प्रदेश पर शासन करने के बाद विकास का कौन सा काम किया है यह बताएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं से साफ कहें कि हमें जाति बिरादरी, अगड़ा पिछड़ा, दलित सवर्ण, हिंदू मुसलमान को लड़ाने की बातें नहीं सुनना,आप सिर्फ विकास की बात करें। किसी भी कांग्रेस नेता के मुंह से आप विकास की बात नहीं सुनेंगे। कांग्रेस के लोग सिर्फ विकास करने वाले हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और मुझ जैसे नेताओं को गालियां देने के लिए भाषण करते हैं या फिर जाति बिरादरी को लड़ाने की बातें करते हैं। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हर पांच साल में चुनाव इसीलिए तो होते हैं कि हम विकास करा सकें, इसलिए नहीं होते कि जातियां और समाजों में नफरत और झगड़े होने लगें।
भूपेन्द्र सिह ने कहा कि जब मैं यहां से पहली बार विधायक बना था तो बरोदिया से नोनियां , धामोनी या किसी भी तरफ जाने के लिए सड़कें नहीं थीं। आज आप देख लें कि इन्हीं जगहों पर ऐसी सीसी सड़कें यहां पर बनी हैं जैसी मुंबई दिल्ली की सड़कें होती हैं। नोनियां से समसपुर और समसपुर से इस पहाड़ पर स्थित सिद्धधाम टेकरी पर पहुंचने के लिए भी सीसी रोड है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की समस्या सिंचाई के पानी की थी जिसे हल करने के लिए अब दो बड़ी सिंचाई परियोजनाओं से इस क्षेत्र को जोड़ा गया है। बीना नदी और धसान नदी पर बने बांधों से यहां के खेतों में पाइपों से पानी एक साल में आ जाएगा, इसका 70/80 प्रतिशत काम हो चुका है। यह सबसे सस्ती सिंचाई का साधन होगा क्योंकि इसमें बिजली का भी खर्च नहीं होगा किसानों को अपना पाइप जोड़ना है और खेत में पानी पहुंच जाएगा।अब सरकार गांवों में पोस्ट आफिस खुलवा रही है जिनमें बैंकों की सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध हो सकेंगी।












Click it and Unblock the Notifications