Sagar News: दोस्त चिल्लाते रहे और राजघाट के वाटर फॉल में डूब गया किशोर, मदद के लिए कोई नहीं आया
सागर, 30 जुलाई। मप्र के सागर स्थित राजघाट बांध के ओवरफ्लो सेक्शन में दोस्तों के सामने एक किशोर पानी में डूब गया। दोस्त तैरना नहीं जानते थे, मदद के लिए चिल्लाते रहे, लोग तो आए, लेकिन बचाने के लिए कोई पानी में नहीं उतरा। करीब 4 घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम ने डैम के आगे वॉटर फॉल की गहराई से उसके शव को निकाला। वन इंडिया ने चार दिन पहले ही यहां लापरवाही को लेकर चेताया था।

राजघाट बांध के ओवर फ्लो होते ही यहां पर भारी संख्या में लोग लुत्फ उठाने पहुंचे रहे हैं। इसी दौरान ओवरफ्लो सेक्शन के अंदर उतर जाते हैं। यहां चट्टानों के बीच गहरी खाई बनी हैं, जहां बहाव भी अधिक होता है, यहीं पर बीते रोज एक किशोर बह गया। गोपालगंज पुलिस से मिली जानकारी अनुसार तिली गांव निवासी रमाकांत प्रजापति उम्र 16 साल अपने दोस्त कार्तिक सेन व एक अन्य के साथियों के साथ पिकनिक मनाने गया था। कार्तिक ने बताया कि रमाकांत ओवरफ्लो के यहां पर पानी में उतरकर नहाने लगा। वह उथले पानी में तैरने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान गहरी खाई नुमा चट्टान के बहाव में उसके पैर उखड गए और बह बहाव में बहने लगा, कार्तिक और अन्य दोस्त तैरना नहीं जानते थे, इसलिए जोर-जोर से चिल्लाकर लोगों को मदद के लिए बुलाया। लोग तो काफी सारे एकत्रित हो गए, लेकिन रमाकांत को बचाने के लिए पानी में उतरने की कोई हिम्मत नहीं कर सका।

4 घंटे बाद मिला रमाकांत
बाद में डायल 100 को फोन लगाकर बुलाया गया। पुलिस आई तो एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद स्पिल-वे के आगे बने वॉटर फॉल की गहराई में रमाकांत के शव को तलाश कर निकाल लिया गया।
वन इंडिया ने राजघाट के खतरे को लेकर पहले ही आगाह किया था
वन इंडिया ने पहले ही खतरे से आगाह किया था
राजघाट बांध के ओवरफ्लो होने के साथ ही यहां लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। यहां बड़ी संख्या में शहरवासी परिजन के साथ पहुंचकर सेल्फी व ग्रुप फोटो लेते हुए दिख रहे हैं। कई लोग यहां पानी में उतरकर मौज-मस्ती करते हुए नहाने लगते हैं, जिस वजह से वह गहरे पानी के बहाव में तक पहुंच रहे हैं। तेज बहाव होने के कारण हादसा हो जाता है, लेकिन यहां देखरेख करने वाला कोई नहीं है। इतना ही नहीं बल्कि सेल्फी लेने के चक्कर में कई लोग पानी के पास पहुंच जाते हैं। लोगों की इसी लापरवाही के कारण राजघाट बांध में हर साल वर्षा के दौरान लोगों के डूबने की घटनाएं भी सामने होती हैं। वन इंडिया ने चार दिन पहले ही यहां के खतरे और लोगों की लापरवाही को लेकर प्रमुखता से सचेत करते हुए खबर प्रकाशित की थी, लोग नहीं संभले और हादसा हो गया।












Click it and Unblock the Notifications