सुहागिन को 'विधवा' बना निकल रही थी पेंशन, 'लाड़ली बहना' से खुला राज
Ladli Bahna Yojana: सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए लोग किसी के साथ भी फ्रॉड कर सकते हैं। सागर जिले के बीना खिमलासा में एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। इसमें एक सुहागिन महिला को विधवा बताकर उसके नाम से किसी दूसरी महिला के खाते में पेंशन ली जा रही थी। जब महिला की लाड़ली बहना योजना की राशि मात्र 400 रुपए आई और पता किया तो बताया गया कि उसके नाम पर विधवा पेंशन के 600 रुपए भी आ रहे हैं।

सागर जिले की खिमलासा तहसील की रहने वाली सीमा जैन पति सुनील जैन के साथ धोखाधड़ी कर सरकारी योजना का लाभ किसी अन्य महिला को दिलाए जाने का मामला सामने आया है। दरअसल हाल ही में जब सीमा ने लाड़ली बहना योजना की राशि निकालने बैंक अकाउंट चेक किया तो पता चला कि उनके खाते में मात्र 400 रुपए की किस्त आ रही है। जब पंचायत में जानकारी ली तो बताया गया कि उनकी विधवा पेंशन की 600 रुपए की राशि भी आ रही है, इसलिए लाड़ली बहना की राशि 400 रुपए मिलाकर 1 हजार रुपए हो गए। यह सुनकर सीमा और उनके पति सुनील जैन हैरान रह गए।
पति के रहते किसने बना दिया विधवा?
सीमा जैन के पति सुनील जैन ने बताया कि उसकी पति के नाम पर सरकारी योजना में फर्जीवाड़ा कर पंचायत के तत्कालीन रोजगार सहायक ने अपनी किसी रिश्तेदार का खाता लगाकर विधवा पेंशन स्वीकृत करा दी है। डेढ़ साल से विधवा पेंशन की राशि का गबन किया जा रहा है। यदि लाड़ली बहना योजना की राशि न आती तो पता ही नहीं चलता। इसको लेकर समग्र सामाजिक सुरक्षा विस्तार अधकारी बृजेश जाटव से शिकायत भी की है।
विधवा पेंशन बंद कराकर जांच करा रहे हैं, रिकवरी होगी
खिमलासा के समग्र सामाजिक सुरक्षा विस्तार अधिकारी बृजेश जाटव ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया की सीमा सुनील जैन को दस्तावेजों में फर्जी तरीके से विधवा बताकर पेंशन की राशि किसी अन्य के खाते में डाले जाने की शिकायत मिली है। चुंकी यह सिद्ध है कि वे सुहागिन हैं, इसलिए तत्काल विधवा पेंशन बंद करा दी गई है। जिसके भी खाते में राशि जा रही है, उससे वसूली की जाएगी। जांच के बाद दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications