Damoh: घर में निकली 'कोबरा' नागों की कॉलोनी, 50 से अधिक जहरीले सांप पकड़े
कल्पना कीजिए, किसी इंसान के साथ घर में छिपकर 50 से अधिक कोबरा प्रजाति के सांप रह रहे हों...! अगर घर में एक सांप भी दिख जाए तो परिवार की नींद उड़ जाती है। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां गांव के एक कोटवार के घर सांपों की पूरी कॉलोनी निकली है। परिवार दहशत में है और सांपों के पकड़े जाने के बाद भी घर के अंदर नहीं जा रहा।

मध्य प्रदेश के दमोह जिले के लकलका गांव के कोटवार बुक्खल रैकवार गांव में ही कच्चे खप्पर वाले मकान में रहते हैं। बारिश के दौरान उनके घर के अंदर एक बच्ची को एक काला सांप दिखा था। बच्ची चीखी तो पूरा परिवार दौड़कर घर से बाहर आ गया। बुक्खल के घर सांप की खबर पूरे गांव में फैली तो पड़ोस के गांव से नाथ समुदाय के लोगों को बुलाया गया। सर्प विशेषज्ञ ने कोबरा प्रजाति की नागिन को तो आसानी से काबू कर लिया, शक हुआ कि नाग भी घर में हो सकता है। उसकी तलाश शुरू की तो सबके होश फाख्ता हो गए। घर में सांपों की पूरी कॉलोनी निकली। सर्प विशेषज्ञ ने एक के बाद एक करीब 50 कोबरा प्रजाति के छोटे-छोटे सांपों का रेस्क्यू किया है।
Recommended Video
कोटवार बुक्खल रैकवार ने बताया कि जब सांप के बच्चे निकलना शुरू हुए तो आशंका थी कि दो-चार सांप ही निकलेंगे, लेकिन जब एक के बाद एक नागों के बच्चे निकले तो पूरा गांव सकते में आ गया। सांप पकड़ने वाले नाथ समुदाय के लोग भी परेशान हो गए। करीब 50 के आसपास छोटे-छोटे सांप घर के अंदर से निकाले हैं। घर के अंदर बार-बार जांच की गई, पड़ताल की गई कि अब सांप तो नहीं है, उसके बाद सांप पकड़ने वाले सांपों को डिब्बे में बंद कर जंगल में छोड़ने ले गए थे, लेकिन बच्चों से लेकर पूरा परिवार डरा हुआ है। पूरा सामान घर के बाहर निकाल लिया है। कोई भी घर के अंदर जाने को तैयार नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications