विधानसभा चुनाव 2023: बुंदेलखंड में कमलनाथ की भाजपा में सेंधमारी, दो नेताओं का दलबदल
विधानसभा चुनाव 2023 के चंद महीनों पहले बुंदेलखंड में राजनीतिक उठापटक शुरू हो गई है। भाजपा के गढ़ में कांग्रेस ने सेंधमारी शुरू कर दी है। पहले चरण में छतरपुर जिले भाजपा संगठन प्रभारी और दतिया जिले के कद्दावर भाजपा नेता अवधेश नायक और सागर जिले की सुरखी विधानसभा के भाजपा नेता राजकुमार धनौरा ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। दोनों ही नेता भाजपा के कद्दावर मंत्रियों के इलाके से आते हैं। बता दें कि पीसीसी में पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की मौजूद में दोनों नेताओं सहित शायह अंजुम रहबर ने भी कांग्रेस का दामन थामा है।

भोपाल पीसीसी कार्यालय में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में सागर से राजकुमार सिंह धनौरा को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पहुंचे थे। इसी प्रकार छतरपुर के भाजपा संगठन प्रभारी रहे, पूर्व मंत्री दर्जा प्राप्त दतिया के भाजपा नेता अवधेश नायक भारी दलबल के साथ पीसीसी पहुुंचे थे। इसी प्रकार दिवंगत शायर राहत इंदौर की पूर्व पत्नी अंजुम रहबर समर्थकों के साथ पहुंची थी। कमल नाथ ने इन सभी को कांग्रेस की सदस्यता दिलाते हुए कांग्रेस में स्वागत किया।
मंत्रियों के खिलाफ चुनाव में उतारे जाने की अटकलें
बता दें कि सागर के सुरखी विधानसभा के रहने वाले राजकुमार धनौरा भाजपा में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे हैं। वे कद्दावर मंत्री भूपेंद्र सिंह के रिश्तेदार हैं और उनकी काफी समय से राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत से अनबन चल रही थी। इसी प्रकार अवधेश नायक ब्राह्मण वर्ग से आते हैं और दतिया में काफी रूतबा रखते हैं। लेकिन गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से इनकी अनबन के कारण उन्होंने भाजपा छोड़ दी है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस इन दोनों नेताओं को मंत्रियों के खिलाफ मैदान में उतारेगी।
कमलनाथ बोले मैं हिन्दू हूं, लेकिन बेवकूफ नहीं हूं
मंच से भाजपा नेताओं का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए कमलनाथ ने कहा कि आप सब ने मुझे बल और शक्ति दी है। आपका जो फैसला है, किसी प्रलोभन का नहीं है। नैतिकता का फैसला है। उन्होंने भाजपा द्वारा धर्म और हिन्दू की राजनीति किए जाने को लेकर कहा कि अभी यह लोग धर्म की बात कर रहे थे, अभी बागेश्वरधाम की बात आई। मैंने 15 साल पहले सबसे बड़ा हनुमानजी का मंदिर छिंदवाड़ा में बनाया, प्रतिमा लगाई, लेकिन कभी इस पर राजनीति नहीं की है। मैं भी धार्मिक हूं, हिन्दू हूं। मैं गर्व से कहता हूं कि मैं हिन्दू हूं, लेकिन मैं बेवकूफ नहीं हूं। जब हम पूजा करते हैं तो इनके पेट में दर्द होता है।












Click it and Unblock the Notifications