अमृत भारत योजना: हवाई अड्डे जैसे बनेंगे बुंदेलखंड के रेलवे स्टेशन, ऊपर खरीदारी होगी, नीचे से ट्रेन गुजरेगी
अमृत भारत योजना (Amrit Bharat Yojana) में बुंदेलखंड के खजुराहो, सागर और दमोह रेलवे स्टेशनों को पहले चरण में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जैसा बनाया जाएगा। यहां वे तमाम सुविधाएं होगी जो महानगरों के एयरपोर्ट पर होती हैं। रविवार को पीएम मोदी ने देश के 508 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण का शुभारंभ किया। सागर में सांसद राजबहादुर, दमोह में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल सहित खजुराहो में बीडी शर्मा भूमिपूजन कार्यक्रम में मौजूद रहे।

सांसद राज बहादुर सिंह ने कहा कि सागर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प 22 करोड़ से हवाई अड्डे की तर्ज पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि के कारण ही आज देश के 508 रेलवे स्टेशनों का 25 हजार करोड़ से अधिक की राशि से कायाकल्प किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सागर रेलवे स्टेशन पर हवाई अड्डे की तर्ज पर अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद होंगी। सांसद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत में सबसे ज्यादा रेलवे ओवर ब्रिज सागर में तैयार किए जा रहे हैं।
पीएम 12 अगस्त को सागर-नागपुर ट्रेन की सौगात दे सकते हैं
उन्होंने कहा कि सागर जिलेवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग के अनुरूप नागपुर के लिए शीघ्र ही रेल प्रारंभ होगी। सांसद सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित 12 अगस्त के सागर आगमन के दौरान नागपुर के लिए रेलगाड़ी प्रारंभ की जा सकती है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार पूरे देश में सागर जिले में सर्वाधिक रेलवे ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं। विगत दिनों केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा के दौरान उन्होंने सागर जिले की सीमा से राष्ट्रीय राजमार्ग के 44 के ब्लैक स्पॉट को खत्म करने के लिए 121 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। जिनके माध्यम से 9 स्थानों पर अंडरपास एवं सब वे सड़कें बनाई जाएंगी।
फ्रंट एलिवेशन अत्याधुनिक होगा
सांसद सिंह ने कहा कि सागर रेलवे स्टेशन का फ्रंट एलिवेशन अत्याधुनिक होगा, जिससे सागर का नाम पूरे भारत देश में अंकित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। साथ में आधुनिक लाइटें भी लगाई जाएंगी। इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान रेलवे स्टेशन से होती है। अब सागर की पहचान भी रेलवे स्टेशन से होगी। महापौर संगीता तिवारी ने कहा कि अप्सरा अंडर ब्रिज में प्रकाश व्यवस्था हेतु लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे आवागमन में असुविधा न हो। सुशील तिवारी ने कहां कि आज का दिन सागर के लिए अभूतपूर्व दिन है। उन्होंने कहा कि भारत की अस्मिता और स्वाभिमान को बनाने में के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार कार्य कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications