Vande Bharat Train: प्रधानमंत्री मोदी के रीवा दौरे का कार्यक्रम तय, वंदे भारत ट्रेन के शुभारंभ पर लगा विराम
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को देखते हुए कयास लगाए जा रहे थे कि 24 तारीख को मध्य प्रदेश को दूसरी वंदे भारत ट्रेन मिल सकती है।

इंदौर से जबलपुर और इंदौर से रीवा के बीच वंदे भारत ट्रेन के शुभारंभ होने की अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है। पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे को देखते हुए कयास लगाए जा रहे थे कि 24 अप्रैल को मध्य प्रदेश को दूसरी वंदे भारत ट्रेन मिल सकती है।
इसके लिए रतलाम मंडल और जबलपुर रेल मंडल में हलचल भी देखी गई थी। लेकिन अब पीएम मोदी के आधिकारिक कार्यक्रमों की घोषणा कर दी गई है। जिसमें वंदे भारत ट्रेन का कोई जिक्र नहीं है।
भारत में बनी वंदे भारत ट्रेन की सभी सेवाओं का लोकार्पण पीएम नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। इसी महीने 24 अप्रैल को पीएम मोदी एमपी के रीवा आ रहे हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि मोदी रीवा से इंदौर के बीच वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। लेकिन पीएम मोदी के दौरे के आधिकारिक कार्यक्रमों की घोषणा के बाद वंदे भारत के संचालन को लेकर संबंधित कयासको पर फिलहाल विराम लग गया है।
हाल ही में इंदौर-रीवा के बीच वंदे भारत रेल चलाने के लिए इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा था। तभी से ट्रेन को इंदौर-रीवा के बीच चलाने की संभावना जताई जा रही थी।
फिलहाल इंदौर को भले ही वंदे भारत ट्रेन न मिली हो। लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी रीवा से ही इंदौर को एक बड़ी सौगात देकर रवाना होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को रीवा से ही इंदौर रेलवे स्टेशन के नव निर्माण का वर्चुअल आधारशिला रखेंगे। इंदौर रेलवे स्टेशन का निर्माण 1000 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा।
इसमें इंदौर के शास्त्री ब्रिज को भी नया बनाने का प्रस्ताव है। हालांकि अभी इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। रेलवे बोर्ड द्वारा प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के बाद अगले महीने से टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications