Rewa News: कोबरा को गले में लपेटकर बीजेपी विधायक ने बजाई बीन, कार्यकर्ता के कहने पर बने सपेरा
पटहट में विकास यात्रा पहुंची तो वहां आम लोगों को भी बुलाया गया था। इसी भीड़ में एक सपेरा भी वहां पहुंचा, जिसका नाम ईश्वर है। वो खुद भी भाजपा कार्यकर्ता है।

रीवा जिले के बीजेपी विधायक का अजीबोगरीब वीडियो वायरल हो रहा है। जहां कार्यकर्ताओं के कहने पर उन्होंने गले में सांप लपेटकर बीन बजाना शुरू कर दिया। विधायक का ये अंदाज लोगों को खूब पसंद आया और उन्होंने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन कर दिया
Recommended Video
दरअसल, त्योंथर विधायक श्यामलाल द्विवेदी अपने क्षेत्र में निकल रही विकास यात्रा में शामिल हुए थे। वे रविवार दोपहर में पटहट हायर सेकेंडरी विद्यालय पहुंचे और यहां लोगों को संबोधित किया। इस दौरान एक सपेरा भी कार्यक्रम में बैठा हुआ था। फिर क्या था कार्यकर्ताओं के कहने पर विधायक ने सपेरे से कोबरा मांगकर अपने गले में लपेट लिया। इसके बाद वे जनता के सामने बीन बजाने लगे। इस दौरान मंच पर क्षेत्र के जनपद अध्यक्ष मीनू आदिवासी समेत बीजेपी के दूसरे कई क्षेत्रीय नेता भी मौजूद थे।
इस दौरान सपेरे ने बीजेपी विधायक से कहा कि आप भोपाल जाकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने बीन क्यों नहीं बजाते। इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने कहा कि भाजपा नेताओं को पास बीन बजाने के लिए चंद महीने ही बाकी हैं। चुनाव में जनता इनकी बैंड बजाएगी।
लगभग 70 वर्षीय विधायक श्यामलाल द्विवेदी अपनी सादगी और विनम्रता के लिए जाने जाते हैं। उनके साथ न लाव लश्कर रहता है और न ही कोई सत्ता का टशन। वह गृम पंचायत कोनी से 25 साल सरपंच, 5 वर्ष जिला पंचायत सदस्य, 10 साल भाजपा मंडल अध्यक्ष, 5 वर्ष बीजेपी जिला उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं, लेकिन अपने कार्यकर्ताओं के आग्रह पर उन्होंने जो किया है, वह अब चर्चा का विषय बन गया है।












Click it and Unblock the Notifications