झारखंड: खौलते पानी में हाथ डालकर महिलाओं से निकलवाया सिक्का, वजह जान चौंक जाएंगे
रांची। राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र के बीसा पाहनटोली गांव में पंचायत ने चार महिलाओं पर भूत पालने के आरोप लगाते हुए दिल दहला देने वाली सजा सुनाई है। पंचायत ने चार महिलाओं को खौलते पानी में हाथ डालकर सिक्का निकालने की सजा दी। इस घटना में महिलाओं का दाहिना हाथ पूरी तरह जल गया है। बता दें कि चारो महिलाएं एक ही परिवार की हैं। वहीं, शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले में शनिवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

खौलते पानी से सिक्का निकालने का सुनाया फरमान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गांव के दबंग पक्ष के घर पर पिछले चार दिनों से रात के अंधेरे में पथराव हो रहा था। इसको लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की महिलाओं पर घर में भूत-प्रेत पालने का आरोप लगाया। बता दें कि रिदय ने 10 दिसंबर को पंचायत बुलाई। पंचायत में खौलते पानी में दो सिक्के डाले गए। फिर उसमें गोबर डाल दिया, ताकि सिक्का न दिखे। चारों आरोपी महिलाओं को बारी-बारी से सिक्का निकालने के लिए कहा गया। खौलते पानी में हाथ डालने से फफोले पड़े तो उन महिलाओं को डायन बता दिया गया। पुलिस में मामला पहुंचा तो आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने चारों आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना के बाद पीड़ित महिलाओं को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। बता दें कि महिलाओं ने अनगड़ा थाने में जीतलालाल पाहन, जलकाहा महली, करमी देवी, रमेश मुंडा और रिदई पाहन नामजद करते हुए तहरीर दी है। थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने कहा कि यह मामला गंभीर है। पीड़ितों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया है। आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications