Jaya Prada: पूर्व सांसद जया प्रदा की बढ़ी मुश्किलें, MP-MLA कोर्ट ने जारी किया गैर जमानती वारंट
रामपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने अभिनेत्री और पूर्व सांसद जया प्रदा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। यह वारंट आचार संहिता उल्लंघन के दो मामलों की सुनवाई के दौरान गैरहाजिर रहने पर जारी हुए है।

Jaya Prada: बॉलीवुड एक्ट्रेस और रामपुर की पूर्व सांसद जया प्रदा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एमपी-एमएलए कोर्ट ने जया प्रदा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। कोर्ट ने वारंट जारी करते हुए एसपी को पत्र लिखकर आदेश दिया है कि पूर्व सांसद जया प्रदा को कोर्ट में पेश करें। इस मामले में अगली सुनवाई 09 जनवरी को होगी। दरअसल, जय प्रदा के खिलाफ यह गैर जमानती वारंट आचार संहिता उल्लंघन के दो मामलों की सुनवाई के दौरान गैरहाजिर रहने पर जारी हुए है।
क्या है पूरा मामला?
बीजेपी नेता और पूर्व सांसद जया प्रदा पर आचार संहिता उल्लंघन के दो मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई चल रही है। पहला मामला स्वार थाना क्षेत्र का है तो दूसरा मामला केमरी थाना क्षेत्र का। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जया प्रदा पर आरोप है कि स्वार थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर में उन्होंने 19 अप्रैल 2019 को एक सड़क का उद्घाटन किया था। इसका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके आधार पर फलाइंग स्कवॉड मजिस्ट्रेट-34 स्वार डॉ. नीरज कुमार पराशरी ने आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया था।
जनसभा में की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
वहीं, दूसरा मामला केमरी थाने में दर्ज हुआ था। आरोप है कि 18 अप्रैल 2019 को केमरी के गांव पिपलिया में आयोजित जनसभा में को संबोधित करते हुए जया प्रदा ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जिसको चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए वीडियो निगरानी टीम के प्रभारी कुलदीप भटनागर ने मुकदमा दर्ज कराया था। दोनों मुकदमों की विवेचना के बाद पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी।
सुनवाई के दौरान गैर हाजिर रही थी जया प्रदा
इन दोनों मुकदमों की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है। मुकदमों की सुनवाई के दौरान जय प्रदा लगातार गैर हाजिर रही थीं। जय प्रदा के गैर हाजिर रहने पर एमपी-एमएलए कोर्ट ने 15 नवंबर को भी उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। लेकिन वह फिर भी कोर्ट में हाजिर नहीं हुई। इसके बाद 20 दिसंबर को हुई सुनवाई, लेकिन जया प्रदा के हाजिर न होने पर कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट करने के आदेश दिए हैं। साथ ही एसपी को पत्र भेजकर कोर्ट ने कहा है कि पूर्व सांसद को पुलिस न्यायालय में पेश करे।












Click it and Unblock the Notifications