आजम खान के रिसॉर्ट की दीवार तोड़ने के बाद DM बोले- बुलडोजर का खर्च भी वसूलेंगे
रामपुर। रामपुर से सांसद व समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान पर जिला प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। शुक्रवार को जिला प्रशासन ने आजम खान के हमसफर रिसॉर्ट की दीवार तोड़ दी गई। यहीं नहीं डीएम आंजनेय कुमार ने कहा है कि दीवार गिराने में जो खर्च आया है, उसे भी वसूला जाएगा। बता दें कि इस संबंध में सिंचाई विभाग द्वारा 15 दिन पहले आजम खान को 2 नोटिस दिए गये थे। लेकिन आजम खान ने दोनों नोटिसों का कोई जवाब नहीं दिया था।

जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि रिसॉर्ट ग्रीन बेल्ट में बना है, जिस पर आरडीए कार्यवाही कर रहा है। दीवार हटाने में जो भी खर्च आया है, उसका आंकलन कर सिंचाई विभाग जुर्माना वसूलेगा। वहीं, दीवार के मलवे से जो ईंट मिली है, प्रशासन उनकी भी जांच कराएगा। उन्होंने कहा कि सूचना मिली है दीवार के मलबे में पुरानी ईंटे भी मिली हैं। संभावना है कि किसी और बिल्डिंग को तोड़कर उसकी ईंटे लगाई गई हैं। इसकी जांच 9 सदस्यों की टीम करेगी। सीडीओ इस जांच कमेटी के अध्यक्ष होंगे।
बता दें कई बार इस संबंध में नोटिस देने के बावजूद भी आजम खान चुप थे। मौके पर भारी सुरक्षाबल की मौजूदगी में दीवार तोड़ने की कार्रवाई की गई। डीएम ने बताया कि हमसफर रिसॉर्ट में 1000 गज जमीन पर कब्जा किया गया था। यह जमीन पसियापुरा शुमाली से बड़कुसिया नाले की है। नाले पर कब्जे से पानी निकासी में दिक्कत हो रही है। वहीं, रिसॉर्ट के पास ही पार्किंग के लिए भी अवैध कब्जा किया गया है। इसका मुकदमा एसडीएम की कोर्ट में चल रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
