'जुए में पत्नी को हारा', हैरान कर देगा रामपुर का ये मामला, पीड़ित ने एसपी से की शिकायत, केस दर्ज
Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। रामपुर जनपद में जुआ खेलने का आदि एक शख्स जुआ में अपनी संपत्ति हारने के बाद अपनी पत्नी को भी जुए में दांव पर लगा दिया। उसके बाद वह अपनी पत्नी को भी हार गया।
इस मामले में जब जुआरियों ने उसकी पत्नी को अपने साथ ले जाने की कोशिश की और उसके पति ने उस पर भी शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया तो पत्नी को इस बात का पता चल गया। परेशान पत्नी ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक से शिकायत की और न्याय की गुहार लगाई।

महिला से शिकायती पत्र मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शाहबाद थाना पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जुए में हार चुका है 12 बीघे जमीन
यह पूरा मामला रामपुर जनपद के शाहबाद थाना क्षेत्र के एक इलाके का है। महिला का आरोप है कि उसका पति काफी समय से जुआ खेलते हैं। जुआ खेलने में ही उसका पति बारह बीघे पैतृक संपत्ति के अलावा घर में रखे जेवरात भी हार चुका है।
जुआ में सब कुछ हारने के बाद उसने अपने दोस्तों के सामने अपनी पत्नी को ही दांव पर लगा दिया। पत्नी का आरोप है कि उसके बाद वह फिर जुआ हार गया और अब वह दबाव बना रहा है कि वह उसके दोस्तों के साथ संबंध बनाएं। ऐसा न करने पर उसका पति उसके साथ मारपीट भी कर रहा है।
पत्नी का आरोप है कि पति द्वारा उसके सम्मान के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है। ऐसे में वह काफी परेशान है और वह चाहती है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। फिलहाल पत्नी द्वारा शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लिया है।
मामले में पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र के निर्देश पर शाहबाद थाने की पुलिस संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं पति द्वारा पत्नी को जुआ में हार जाने की घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications