हलफनामे में जानिए आजम खान ने कितनी दर्शाई संपत्ति, चलते हैं 51 लाख की वोल्वो कार में
हलफनामे में जानिए आजम खान ने कितनी दर्शाई संपत्ति, चलते हैं 51 लाख की वोल्वो कार में
रामपुर, 30 जनवरी: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और रामपुर से सांसद आजम खान इस वक्त सीतापुर जेल में बंद है। उन्होंने सीतापुर जिला जेल से समाजवादी पार्टी के टिकट पर रामपुर शहर विधानसभा सीट अपना नामांकन दाखिल किया है। बता दें, आजम खान रामपुर से नौ बार विधायक और इस बार फिर वहीं से चुनावी मैदान में हैं। वो विधानसभा चुनाव सीतापुर जेल में रह कर ही लड़ेंगे। फिल्हाल वो रामपुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद हैं। आइए जानते हैं आजम खान ने अपने हलफनामें कितनी संपत्ति दर्शाई है..।

उम्र 73 वर्ष...87 मुकदमे
आजम खान ने चुनाव आयोग को जो शपथ पत्र दिया है उसके मुताबिक, उनकी उम्र लगभग 73 वर्ष है और 87 मुकदमे दर्ज है। लेकिन दो मुकदमे को छोड़कर सभी मामलों में उनकी जमानत हो गई है। एक मामले में उनकी जमानत खारिज हो चुकी है तो वहीं, दूसरे मामले में जमानत की प्रार्थना को रिजर्व रखा गया है। आजम खान करीब 2 साल से सीतापुर जिला कारागार में बंद है। आजम खान की पढ़ाई की बात करते तो उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से एलएलबी किया हुआ है।

हलफनामे में कितनी दर्शाई संपत्ति
नामांकन के दौरान दिए शपथ पत्र में आजम खान ने चार बैंक अकाउंट की जानकारी दी है। जिसमें लगभग 99 लाख रुपए जमा हैं। वहीं उनकी पत्नी तंजीम फातिमा के नाम में सात बैंक अकाउंट हैं, जिसमें लगभग एक करोड़ 35 लाख रुपए जमा हैं। कैश इन हैंड की बात करें तो आजम खान के पास 12,350 रूपए कैश हैं। आजम खान के पास लगभग 51 लाख रुपये की कीमत की एक कार है। उनके पास एक रिवाल्वर है, जिसकी कीमत लगभग 30,000 रूपए है। इसके अलावा एक राइफल है जिसकी कीमत लगभग 20,000 रूपए है।

लोकसभा चुनाव में इतनी दर्शाई थी संपत्ति
2019 में चुनाव आयोग को आजम खान ने जो संपत्ति का ब्योरा दिया था उसमें बताया था कि उनके पास कुल करीब पौने पांच करोड़ रुपये की चल अचल संपत्ति है। हलफनामे के मुताबिक, उनके नाम पर लगभग सवा करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है। बाकी लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की चल अचल संपत्ति उनकी पत्नी तजीन फातिमा के नाम है।

आजम खान का किससे है मुकाबला
आजम खान रामपुर विधानसभा सीट से 9 बार विधायक रह चुके हैं, अभी वो रामपुर से सांसद हैं। आजम खान ने विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला लिया है और सपा ने उन्हें रामपुर शहर सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है। रामपुर शहर सीट पर आजम खान का सीधा मुकाबला बीजेपी के उम्मीदवार आकाश सक्सेना और कांग्रेस प्रत्याशी नवाब काजिम अली खान उर्फ नवेद मियां से होने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications