UP News: आजम खान को बड़ा झटका, बेटे का बर्थ सर्टिफिकेट मामले में बेटे समेत आजम और उनकी पत्नी को 7-7 साल की सजा
UP News: समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को बड़ा झटका लगा है। बेटे अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र के मामले में रामपुर कोर्ट ने आजम खान और उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को दोषी पाया है। इस मामले में कोर्ट द्वारा बुधवार को दोपहर में 7-7 साल की सजा सुनाई गई है।
इस मामले में कोर्ट के आदेश पर आजम खान और उनके बेटे तथा पत्नी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। कहा जा रहा है कि कोर्ट से उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा। वहीं फैसला सुनाए जाने से पहले से लेकर लेक अब तक कोर्ट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। यह भी बता दें कि इससे पहले आजम खान के वकील की ओर से केस को सुप्रीम कोर्ट में ट्रांसफर करने की अर्जी दाखिल की गई थी। जिसे कोर्ट ने खारिज कर दी थी।

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान के बेटे और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के नेता आकाश सक्सेना ने साल 2019 में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें आरोप लगाया गया था कि अब्दुल्ला आजम के पास दो जन्म प्रमाण पत्र हैं। इस मामले में आजम खान और उनकी पत्नी तंजीन फातिमा को भी आरोपी बनाया गया था।
दरअसल, 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में सपा नेता आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम ने रामपुर की स्वार विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में अब्दुल्ला आजम की जीत हुई थी। उसके बाद बसपा प्रत्याशी नवाब काजिम अली ने अब्दुल्ला आजम की उम्र को लेकर हाई कोर्ट में चुनौती दी थी।
मामले में यह भी खुलासा हुआ कि शैक्षिक प्रमाणपत्रों में अब्दुल्ला आजम की जन्मतिथि 1 जनवरी 1993 दर्ज है। जबकि, जन्म प्रमाण पत्र में दर्ज जन्म तिथि 30 सितंबर 1990 पाई गई। हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई करते हुए पाया गया कि अब्दुल्ला द्वारा प्रस्तुत जन्म प्रमाण पत्र फर्जी है।
इसके बाद मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने अब्दुल्ला आजम का चुनाव रद्द कर दिया था। कोर्ट ने पाया कि अब्दुल्ला आजम उम्र के कारण 2017 में चुनाव लड़ने के योग्य नहीं थे, क्योंकि उस वक्त उनकी उम्र 25 साल नहीं थी।
इसी मामले को लेकर साल 2019 में रामपुर के भाजपा नेता आकाश सक्सेना द्वारा रामपुर जनपद के गंज थाने में अब्दुल्ला खान के दो प्रमाण पत्र होने के मामले को लेकर मामला दर्ज कराया था। मामले में आकाश सक्सेना ने आजम खान और उनकी पत्नी तंजीन फातिमा को भी आरोपी बनाया था।












Click it and Unblock the Notifications