जौहर यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर धरने पर बैठे अब्दुल्ला आजम, कहा- सरकार को खटक रहे मेरे पिता
रामपुर। पुलिस हिरासत से छूटने के बाद समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम ने योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उनके पिता का दोष बस इतना है कि उन्होंने शिक्षा का मंदिर बनाया। उनके मुताबिक ये बात सरकार के मुखिया और प्रशासन की निगाहों में खटक रही है। बता दें कि पुलिस हिरासत से छूटने के बाद अब्दुल्ला आजम अपने समर्थकों से साथ जौहर यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए है।

पुलिसिया कार्रवाई निष्पक्ष नहीं
विधायक अब्दुल्ला आजम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनके पिता का दोष बस इतना है कि उन्होंने शिक्षा का मंदिर बनाया। मीडिया के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, आप सोचिए 1774 की चीज 2016 में एहसास हुआ कि गायब हो गईं? 2019 में याद आई कि किताबें गायब हैं उन्हें ढूंढना है। अगर पुलिस निष्पक्ष थी तो उसने मीडिया को बाहर रखा। अब्दुल्ला ने कहा कि कुल 9335 किताबें चोरी होने की रिपोर्ट है और सिर्फ 2000 किताबें मिलीं? अगर किताबें चोरी हुई थीं तो पूरी मिलतीं। पुलिस वाले बच्चों की किताबें और कुरान शरीफ अपने साथ ले गए। कानून नाम की कोई चीज नहीं हैं, अगर कानून होता तो यूनिवर्सिटी न यूनिवर्सिटी का गेट खोला जाता, न इमारतों के ताले टूटते।

सरकारी कार्य में बाधा डालने पर लिया था हिरासत में
बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) नेता सांसद आजम खान के विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम को पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। दरअसल, बुधवार को भी एसएसपी अजयपाल शर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार पुलिस फोर्स के साथ मदरसा आलिया की करीब ढाई हजार से अधिक किताबों की चोरी के प्रकरण में जौहर यूनिवर्सिटी में छापेमारी करने पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में सीओ सिटी उन्हें अपने साथ ले गए थे।












Click it and Unblock the Notifications