खुजली वाला पाउडर छिड़ककर 2 बदमाशों ने गुजरात में व्यापारी से 12 लाख लूटे, देखें वीडियो
राजकोट। गुजरात में राजकोट शहर की भक्तिधाम सोसायटी में 2 बदमाशों ने एक व्यापारी से 12 लाख रुपए लूट लिए। उन्होंने व्यापारी की पीछ पर खुजली वाला पाउडर छिड़का। उसके बाद बदमाश स्कूटर पर रखा बैग ले भागे। यह घटना पुलिस थाने से कुछ ही दूर की है। शाम 7:15 बजे बदमाशों ने व्यापारी के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। वारदात पास ही में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

संवाददाता के अनुसार, पीड़ित व्यापारी की पहचान भक्तिधाम सोसायटी के निवासी व्यापारी महेश वसाणी के रूप में हुई। वह मालवीया पुलिस थाने के पास खड़े थे। अपना रुपयों से भरा बैग उन्होंने स्कूटर पर रखा हुआ था। तभी अचानक पीछे से दो लोग आए। उन्होंने महेश की पीठ पर खुजली का पाउडर छिड़क दिया। हालांकि, असर नहीं होने के कारण दोबारा नजदीक से वही पाउडर छिड़क डाला। इसी बीच एक बदमाश ने महेश को बातों में उलझा लिया। जबकि, दूसरे ने रुपयों से भरा बैग दबा लिया। उसके बाद दोनों वहां से भाग गए।
खबर मिलने पर पुलिस वहां पहुंची। दोनों बदमाशों को ढूंढने के लिए जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि लूट को अंजाम देने वाला कोई परिचित ही हो सकता है। क्योंकि उनको पहले से पता था कि, महेशभाई के बैग में बड़ी रकम रखी है। पुलिस द्वारा महेशभाई समेत उनके जान-पहचानवालों की पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications