गुजरात: भतीजे-जमाई की ब्लैकमेलिंग से तंग महंत ने दी थी जान, घरवालों ने हार्ट अटैक से मरा बता कर दी अंत्येष्टि
राजकोट। गुजरात में राजकोट जिला के कागदडी गाम स्थित खोडियार आश्रम के महंत की मौत के मामले में चौंकाने वाली बात सामने आई है। महंत जयरामदास की मौत आश्रम में 1 जून की रात को हार्ट अटैक से नहीं हुई थी, बल्कि उन्होंने सुसाइड किया था। इसका खुलासा अब आश्रम के दूसरे कमरे में मिले सुसाइड नोट से हुआ है। सुसाइड नोट के मुताबिक, महंत को भतीजे और जमाई ब्लैकमेल करते थे। उन दोनों ने साजिश के तहत एक महिला संग महंत के कुछ वीडियो बना लिए थे और उन्हीं की आड़ में महंत से पैसे ऐंठ रहे थे। वे महंत को बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे थे।

तंग आकर महंत ने सुसाइड कर लिया। उसके बाद उनके परिवार ने हार्ट अटैक से मौत होने की बात कह कर महंत का अंतिम संस्कार कर दिया था। हालांकि, अब महंत का सुसाइड नोट मिलने के बाद तहलका मच गया है। राजकोट के कागदडी गाम स्थित खोडियार आश्रम के ट्रस्टी रामजीभाई ने महंत के सुसाइड नोट को पढ़ा। जिसमें महंत ने तीन आरोपियों के नाम लिखे- हितेश लखमणभाई जादव, विक्रमभाई सोहल, अल्पेश सोलंकी। शर्मसार कर देने वाली बात यह भी है कि, इनमें से हितेश रिश्ते में महंत का सगा भतीजा और अल्पेश उनका जमाई हैं।
अब आश्रम के ट्रस्टी रामजीभाई ने तीनों आरोपियों हितेश लखमणभाई जादव, विक्रमभाई सोहल, अल्पेश सोलंकी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस का कहना है कि, मामले की जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications