झोपड़े में सो रहे परिवार पर आ झपटा तेंदुआ, बच्ची को बचाने के लिए जान पर खेल गई मां
जूनागढ़। गुजरात में इंसानी बस्ती पर फिर एक तेंदुए ने हमला बोल दिया। यहां जूनागढ़ के विसावदर स्थित गांव में बीते रात तेंदुआ एक परिवार पर आ झपटा। यह परिवार अपने झोपड़े में सो रहा था। तेंदुआ 12 साल की बच्ची को गले से पकड़कर भागने लगा। तभी बच्ची की मां ने तत्काल उसका सामना किया। हड़बड़ाहट में तेंदुआ बच्ची को छोड़कर वहां से भाग निकला। सुबह होने पर घायल बच्ची को उसके माता-पिता ने अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना विसावदरके अंबाला गांव की है। बच्ची की मां ने जब बच्ची को तेंदुए के चंगुल फंसा देखा तो वह जान पर खेल गई। वह तेंदुए पर कूद गई। जिससे तेंदुआ डर गया और फिर वहां जंगलों में भाग गया। बता दें कि अंबाला गांव में यह परिवार मजदूरी करता है। परिवार में विनुभाई परमार दो बच्चों और पत्नी के साथ झोपड़े में रहते हैं। बीते कल की रात तकरीबन 11 बजे एक तेंदुआ उस झोपड़े में आ घुसा। वह 12 वर्षीय मासूम हिरल को गर्दन से पकड़कर ले जाने लगा। तभी वह चीखी तो उसकी मां भानुबेन जाग गई। उसने अपनी बच्ची के पैर पकड़ लिए और तेंदुए पर कूदी।
इधर, पिता को बचाने बेटे ने किया तेंदुए का सामना
इससे पहले वलसाड में भी एक किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया था। वह किसान अपने पशुओं को चराने जंगल गया था, जहां तेंदुआ उस पर टूट पड़ा। पता चलते ही उस किसान के बेटा तेंदुए के सामने आ गया। तेंदुए के चंगुल से पिता को छुड़ाने के लिए वह गुत्थगुत्था हो गया। तेंदुए ने नाखून और दांतों से पिता को घायल कर दिया। हालांकि, बेटे ने हार नहीं मानी और करीब 10 मिनट तक हुई लड़ाई के बाद तेंदुआ वहां से भाग खड़ा हुआ।












Click it and Unblock the Notifications