राजकोट स्वाइन फ्लू की जद में, 1 रात में 4 मौतें, नई साल में अब तक 15 ने गंवाई जान
Gujarat News, राजकोट। ठंड में आई कमी और स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रयासों के बावजूद स्वाइन फ्लू के मामले नहीं थम रहे। यह फ्लू लोगों में लगातार पॉजिटिव मिल रहा है, इससे मौतें भी बढ़ रही हैं। बीती रात 9 बजे से गुरुवार सुबह 10 बजे गुजरात में जूनागढ़, भावनगर, गोंडल एवं राजकोट से चार मौंतें होने की जानकारी सामने आई है। इस साल में अब के 24 दिनों में स्वाइन फ्लू ने 15 लोगों को लील लिया है। इससे सूबे में भय का माहौल व्याप्त है।

ऐसे लगातार टूट रहा लोगों का दम
स्वाइन फ्लू से पीड़ित 55 साल की एक महिला ने रात 9:30 बजे राजकोट के सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। वह गोंडल के मोटा दड़वा गांव की रहने वाली थी। इसके बाद रात को 1 बजे राजकोट के 70 वर्षीय पुरुष की गिरिराज की भी अस्पताल में मौत हुई थी। रात 2 बजे जूनागढ़ के 50 वर्षीय पुरुष की भी स्वाइन फ्लू ने जान ले ली। सुबह लगभग 9:30 बजे शहर के वोकहार्ट अस्पताल में भावनगर जिले के 57 वर्षीय पुरुष की भी सरकारी अस्पताल में मौत हो गई।

इस साल के 24 दिनों में 75 लोग पॉजिटव मिले
साल 2019 के सिर्फ 24 दिनों में ही 75 लोगों का रिपोर्ट स्वाइन फ्लू के वायरस से पॉजीटिव पाया गया है। 15 लोगों की मौत हो गई है। ऐसे में सरकारी अस्पताल के अधिकारियों ने प्राईवेट अस्पतालों पर उंगली उठाई है। इन अधिकारियों का कहना है कि प्राइवेट अस्पताल रुपए ऐंठने के लिए आखिर तक इलाज करते हैं, लेकिन फायदा नहीं होने के बाद मरीज को हमारे पास भेज देते हैं। जिसके चलते सरकारी अस्पताल में हुई मौत का आंकड़ा ज्यादा दिखता है।












Click it and Unblock the Notifications