गुजरात: कांग्रेस नेता ने गुप्त मतदान के नियम की धज्जियां उड़ाईं, वोट डालकर दिखाया हाथ
Lok Sabha election 2019 News, राजकोट। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में गुजरात की सभी 26 सीटों पर वोटिंग हो रही है। इसी बीच राजकोट से आचार संहिता के नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए हैं। यहां एक पोलिंग बूथ पर गुप्त मतदान के नियम को ईवीएम व वीवीपैट का वीडियो बनाकर पोस्ट करके तोड़ दिया गया। दूसरी ओर, यहीं एक कांग्रेस नेता ने अपना वोट डालने के बाद पोलिंग बूथ से निकलते समय अपनी पार्टी का सिम्बल बनाते हुए हाथ दिखाए।

राजकोट लोकसभा सीट पर इन दो मामलों के सामने आने के बाद से चुनाव आयोग की मतदान की प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। पहले मामले में पोलिंग बूथ के अंदर के वीडियो सामने आए हैं, जिनको लेकर बताया जा रहा है कि लोगों की वोट डालने की गुप्त प्रक्रिया का हनन किया गया है। वीडियो के जरिए, कुछ लोगों ने यह जाहिर करने की कोशिश की वोटर किसे वोट डाल रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि लोगों को भाजपा के उम्मीदवार मोहनभाई कुंडारिया एवं कांग्रेस के ललित कगथरा के लिए वोट डालते कैप्चर किया गया। जो कि मतदान की गुप्त प्रक्रिया का उल्लंघन है।

इसके अलावा शहर में ही कांग्रेस के हेमांग वसावडा ने वोटिंग के बाद हाथ ऊपर कर कांग्रेस का सिंबल बनाया, इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। भाजपा की ओर से कहा गया है कि वह चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करेगी। अब देखा यह जाएगा कि चुनाव आयोग द्वारा कब और किस प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।
गुजरात: लोकसभा चुनाव 2019 से जुड़ी सभी जानकारी यहां पढ़ें












Click it and Unblock the Notifications