गुजरात: मां के हॉस्पिटल में भर्ती होने के 3 दिन बाद 16 साल का बेटा भी निकला कोरोना पॉजिटिव
राजकोट। गुजरात में राजकोट जिले के हॉटस्पॉट एरिया जंगलेश्वर में एक 16 साल का किशोर कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। यहां गोसिया मजिस्दवाली गली-लेउवा पटेल गली नं-1 में उस किशोर की मां तीन दिन पहले कोरोना से ग्रस्त मिली थी। उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराए जाने के बाद बेटे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। डॉक्टरों के मुताबिक, महिला का पूरा कुनबा संक्रमण की जद में आ गया। किशोर में कोरोना के लक्षणों की पुष्टि बुधवार सुबह हुई।

16 साल के किशोर की 42 वर्षीय मां का इलाज चल रहा है। वहीं, किशोर को भी हॉस्पिटल ले जाया गया है। चिकित्सकों ने बताया कि, राजकोट महानगर पालिका की ओर से जंगलेश्वर इलाके में कोरोना पॉजिटिव लक्षण दिखने के बाद कई सख्त कदम उठाए हैं। बावजूद इसके इस इलाके में लोग आए रोज संक्रमित हो रहे हैं। यहां से राजकोट जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार रात तक 62 सैंपल लिए जा चुके हैं। उन 62 में राजकोट शहर से 46, देहात से 11 व अन्य जिलों के 5 शामिल हैं। इनमें 41 पुरुष और 21 महिला हैं।

स्वास्थ्यकर्मियों के मुताबिक, उन 62 में से 45 की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई, वहीं 16 की रिपोर्ट पेंडिंग में है। इलाके में सामूहिक सैम्पल लेने की प्रक्रिया जारी है। सैम्पल को लेबोरेटरी में जांच के लिए लगातार भेजा जा रहा है। अब तक राजकोट जिले में कुल 41 मामले सामने आ चुके हैं। यह आंकड़ा सौराष्ट्र में सबसे ज्यादा है।












Click it and Unblock the Notifications