बेटे की चाह में मां ने किया 4 माह की मासूम का कत्ल, AC में छुपाई लाश
जयपुर। एक ओर जहां साक्षी मलिक और पीवी सिंधु जैसी बेटियां दुनिया भर में देश का मान बढ़ा रही हैं, तो वहीं दूसरी ओर अभी भी लोग बेटे की चाह में बेटियों का कत्ल कर रहे हैं। राजस्थान की राजधानी जयपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां एक महिला ने बेटे की चाह में अपनी चार महीने की बेटी को दर्दनाक मौत दे दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना 26 अगस्त की है। शहर के शास्त्री नगर में रहे वाले एक उद्योगपति की बेटी माही की लाश घर में बरामद हुई थी। बच्ची की मां नेहा ने उसे 19 अगस्त को भी मारने की कोशिश की थी, लेकिन नाकाम रही। जिसके बाद बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बेटे के लिए लगाए थे अस्पतालों के चक्कर
नेहा ने उस वक्त अस्पताल में बताया था कि बच्ची को उल्टी की शिकायत है। डीसीपी (नॉर्थ) अंशुमान भोमिया ने बताया कि महिला बेटा चाहती थी और बेटी होने से दुखी थी। उनकी एक आठ साल की बेटी और है। बेटे की चाह में पति-पत्नी ने कई डॉक्टरों और अस्पतालों के चक्कर लगाए, लेकिन कहीं कामयाब नहीं हुए।
महिला ने डिलीट कर दी सर्च हिस्ट्री
पुलिस ने बताया कि नेहा ने इंटरनेट पर आईवीएफ और सेरोगेसी को लेकर भी काफी खोजबीन की और बाद में सर्च हिस्ट्री डिलीट कर दी, हालांकि पुलिस ने साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से सारा डाटा हासिल कर लिया। पुलिस को बच्ची की मां नेहा पर तब शक हुआ, जब उसके नाखूनों पर बच्ची का खून मिला।
अपनी बातों में ऐसे फंस गई महिला
दरअसल, नेहा ने पुलिस को बताया था कि वह माही के साथ सो रही थी। करीब तीन घंटे बाद जब उसकी नींद खुली तो बच्ची उसके पास नहीं थी। बाद नें उसकी लाश उसके कमरे के पास बने हॉल के एसी में मिली। नेहा ने पहले पुलिस को बताया था कि वह सो रही थी और बेटी को छुआ भी नहीं, लेकिन पुलिस को उसके बाथरूम में माही का खून मिला। बाद में नेहा के नाखूनों में भी खून मिला। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने गुनाह कबूल कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, नेहा ने पहले बच्ची का गला धारदार हथियार से काटा और फिर उसकी लाश को एसी में छुपा दिया।












Click it and Unblock the Notifications