महिला को अर्धनग्न कर पूरे गांव में घुमाया, लोग बचाने की बजाय मोबाइल से बनाते रहे वीडियो
राजसमंद। राजस्थान में एक महिला को अर्धनग्न करके पूरे गांव में घुमाने का मामला सामने आया है। इस दौरान लोग महिला को बचाने की बजाय मोबाइल से उसका वीडियो बनाते रहे और तस्वीरें लेते रहे। पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

गांव उपली ओडन का मामला
जानकारी के अनुसार राजसमंद जिले के नाथद्वारा थाना इलाके के गांव उपली ओडन में एक युवती को युवक भगाकर ले गया था, जिसकी नाथद्वारा पुलिस थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई। 15 दिन तक युवक-युवती का पता नहीं चलने पर युवती के परिजनों ने बुधवार रात को आरोपी युवक की विधवा मां से उनका पता लगाने की बात को लेकर घर में घुसकर मारपीट की। उसके कपड़े फाड़ दिए और फिर उसको अर्धनग्न अवस्था में चोटी पकड़ घसीटते-पीटते हुए गांव में बिंदोली निकाली।

इन जगहों से माारपीट करते हुए ले गए उसे
उसे बस स्टैंड, फोरलेन के अंडरपास से ग्राम पंचायत कार्यालय उपली ओडन के बाहर होते हुए चारभुजा मंदिर, सिंहाल मगरी के नीचे डाकघर के पास एक किलोमीटर दूर घर तक ले गए। सरेआम बेइज्जत किया गया। हैवानियत का यह सिलसिला करीब दो घंटे तक चलता रहा, मगर लोग फोटो व वीडियो बनाते हुए तमाशबीन बने देखते रहे।
महिला रोती- बिलखती रही, मगर कोई भी उसे छुड़ाने नहीं आया। बिंदोली निकालने के बाद आरोपियों ने खुद के घर में ही पीड़िता को बंधक बना लिया और पीटते रहे। दो घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीडि़ता को नाथद्वारा अस्पताल में भर्ती करवाया, जिसका उपचार चल रहा है।

थुरावड़ काण्ड पहुंचा था संयुक्त राष्ट्र तक
राजसमंद में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 8 नवम्बर, 2014 को राजसमंद जिले के ही कुम्भलगढ़ की थुरावड़ बस्ती में पूरे गांव के लोगों ने एक महिला पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसे नग्न कर गधे पर बैठाकर घुमाया था। उस मामले में 47 लोग गिरफ्तार हुए थे। मामला संयुक्त राष्ट तक में पहुंचा था।

आरोपियों की तलाश जारी है
राजसमंद एएसपी राजेश गुप्ता के अनुसार महिला घर पर सो रही थी। उसके बेटे पर युवती को भगा ले जाने के आरोप को लेकर मारपीट की। चोटी पकड़ घसीटा, पीटते हुए आरोपी उनके घर ले गए, जहां भी मारपीट की। पीड़िता का उपचाराधनी है। आरोपियों की तलाश जारी है। कपड़े फाड़े गए हैं, मगर उसे अर्धनग्न कर घुमाने की बात सामने नहीं आई है।। फिर इस संबंध में सभी पहलुओं से जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications