Rahul Kaswan: लोकसभा चुनाव 2024 में चूरू से BJP का टिकट कटने के बाद कांग्रेस में जाएंगे राहुल कस्वां?
Rahul Kaswan Join Congress? लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा सांसद राहुल कस्वां का टिकट कटने से राजस्थान में चूरू संसदीय क्षेत्र अभी से सबसे हॉट सीट बन गई है। चर्चा तो यह भी हो रही कि क्या अब राहुल कस्वां कांग्रेस ज्वाइन करने वाले हैं?
दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भाजपा ने 2 मार्च को अपनी पहली सूची जारी करते हुए देशभर की 195 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। उनमें राजस्थान की 25 में से 15 सीटों के प्रत्याशी घोषित किए थे।

राजस्थान में भाजपा ने अपने पांच मौजूदा सांसदों के टिकट काट दिए थे, जिनमें चूरू से राहुल कस्वां का नाम भी शामिल थे। चूरू सांसद राहुल कस्वां का टिकट काटकर पैरालंपिक खिलाड़ी देवेंद्र झाझड़िया को प्रत्याशी बनाया।
टिकट कटने के बाद राहुल कस्वां ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपना दर्द बयां किया। लिखा कि 'राम-राम मेरे चूरू लोकसभा परिवार...लेकर विश्वास-पाकर आपका साथ, देकर हर संकट को मात, ध्येय मार्ग पर बढ़ते जाएंगे, उत्थानों के शिखर चढ़ते जाएंगे। आप सभी संयम रखें। आगामी कुछ दिन बाद आपके बीच उपस्थित रहूंगा, जिसकी सूचना आपको दे दी जाएगी।' फेसबुक पर कस्वां ने मेरा क्या कसूर वाली पोस्ट डाली।
कस्वां के ट्वीट पर कांग्रेस के किशनगढ़ के विधायक विकास चौधरी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और लिखा कि 'जीवन-संघर्ष की पुकार है, युद्ध ही तो वीर का प्रमाण है...' इस पर राजस्थान की राजनीति के जानकार अनुमान लगा रहे है कि कस्वां कांग्रेस ज्वाइन करके लोकसभा चुनाव 2024 लड़ सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि चूरू में राहुल कस्वां का परिवार बीते 25 साल से सक्रिय है। पिता रामसिंह कस्वां भाजपा की टिकट पर चूरू के तीन बार सांसद रह चुके हैं। मां कमला कस्वां भी चूरू जिले की राजगढ़ सीट से विधायक रही हैं। वहीं, खुद राहुल कस्वां दूसरी बार सांसद हैं।
चूरू से राहुल कस्वां का टिकट की कोई वजह तो भाजपा की ओर से नहीं बताई गई, मगर माना जा रहा है कि राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में तारानगर सीट पर भाजपा उम्मीदवार राजेंद्र राठौड़ का साथ नहीं देने की वजह से उन्हें चूरू से टिकट नहीं मिला।
ये नेता भी बदल सकते हैं दल
चूरू से भाजपा नेता राहुल कस्वां के अलावा कोटा से प्रह्लाद गुंजल, जगमोहन मीणा के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा है। वहीं, यह भी चर्चा है कि अशोक गहलोत सरकार में चिकित्सा मंत्री रहे रघु शर्मा, लालचंद कटारिया, राजेंद्र यादव भाजपा ज्वाइन कर सकते है। रघु शर्मा के बारे में कहा जा रहा है कि वे जयपुर शहर से लड़ना चाहते हैं। वहीं, लालचंद कटारिया जयपुर ग्रामीण से।












Click it and Unblock the Notifications