जब राजस्थान में शादी के सजे हुए मंडप में लगी आग...मच गया बवंडर
Rajasthan News: राजस्थान के बूंदी में आज शादी के सजे हुए मंडप में अचानक भीषण आग लगने से बवंडर मच गया। शादी की खुशियां चंद ही पलों में मातम में बदल गई।
शादी समारोह के लिए सजाए सफारी टेंट में आग लगने से दुल्हनों के दादा की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के दौरान शादी के मंडप में अफरा तफरी मच गई।

हादसा सफारी टेंट में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट से होना बताया जा रहा है। इधर आग की सूचना पर नगर परिषद की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें विकराल रूप टेंट में लगी हुई है और चीखने चिल्लाने की आवाज सामने आ रही हैं। इसी बीच एक तेज आवाज का धमाका भी सुनाई दिया है। हादसे के बाद से ही परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। रिश्तेदार उन्हें संभाल रहे हैं, हर कोई बेहाल है।
सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक अमर सिंह, एसडीएम दीपक मित्तल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। वहीं एफएसल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
कोतवाली के सब इंस्पेक्टर अवदेश कुमार ने बताया कि टोंक जिले के टोडारायसिंह निवासी ईद मोहम्मद की दो पुत्रियों की शादी होनी है। शादी को लेकर पिछले कई दिनों से परिजन उत्साह से तैयारी में जुटे हुए थे।
आज 1 मई को ईद मोहम्मद की दो बेटियों की शादी होनी है, जिनकी आज शाम बारात आनी है। जिसमें एक की बारात शिवपुरी और दूसरी की सवाई माधोपुर से आनी है। इससे पहले ही यह हादसा हो गया।
मंगलवार रात को मेहंदी की रस्म का आयोजन था। इसके बाद सब लोग रात दो बजे करीब होटल के हाल, रूम व सफारी टेंट में जाकर सो गए थे। सुबह 6 बजे के करीब मैरिज गार्डन में लगे एक सफारी टेंट के एसी में शॉर्ट सर्किट हो गया।
शॉर्ट सर्किट से करीब आधा दर्जन सफारी टेंट जलकर खाक हो गए। जिस सफारी टेंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, उसमें दुल्हनों के दादा 70 वर्षीय लाल मोहम्मद और पौता अमन सो रहे थे।
जैसे ही शॉर्ट सर्किट हुआ आग की चिंगारियां उस पर गिर गई, जिससे उसकी आंख खुली तो अमन चिल्लाता हुआ सफारी टेंट से बाहर निकाला और अपने परिजनों को जगाया।
जहां उसके चाचा शानू ने जलते सफारी टेंट में घुसकर अपने पिता लाल मोहम्मद को खींच कर बाहर निकाला। मगर तब तक उनका शरीर जल चुका था, वह दर्द और जलन से कराह रहे थे. परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया जहां बूंदी अस्पताल पहुंचते ही बुजुर्ग की मौत हो गई। इस हादसे में अमन और शानू भी मामूली झूलसे है।
जानकारी के अनुसार ईद मोहम्मद टोंक जिले टोडारायसिंह के रहने वाले हैं, इनके दो पुत्र बूंदी के तालेड़ा में रहकर अपना काम करते हैं। इस कारण बूंदी आकर अपनी बेटियों की शादी करने आए थे। जिनकी की बारात शिवपुरी और सवाई माधोपुर से आनी थी।
गौरतलब है कि पिछले 3 दिनों में बूंदी शहर में यह दूसरी घटना घटित हुई है, जब किसी मैरिज गार्डन में आग लगी हो। जैतसागर रोड पर भी परशुराम वाटिका में भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ था। सूचना मिलने पर तब नगर परिषद की करीब 6 दमकल आग पर काबू पाया गया था।
बताया जा रहा है कि परशुराम वाटिका में किसी निजी कंपनी का इवेंट कार्यक्रम था। कार्यक्रम में इवेंट कंपनी के कर्मचारी काम कर रहे थे तभी कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही कार्यक्रम में आग लग गई।
परशुराम वाटिका में मौजूद संचालक संभाल पाते की देखते ही देखते आग भीषण रूप धारण करने लग गई। परशुराम वाटिका में बने बड़े हॉल में आज की बड़ी-बड़ी लपेट दिखाई देने लगी। आग इतनी भीषण हो गई की हॉल में रखा सारा सामान जलकर आग के हवाले हो गया।












Click it and Unblock the Notifications