Jaisalmer Viral Video: जैसलमेर के रेगिस्तान में जमीन से अचानक आया पानी का सैलाब, बंजर खेत बन गया तालाब
Jaisalmer Viral Video: राजस्थान का जैसलमेर इन दिनों नए साल 2025 पर सैलानियों से आबाद है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित जैसलमेर से नए साल के जश्न के बीच चौंका देने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में जैसलमेर के रेगिस्तान में पानी का फव्वारा फूटता दिख रहा है। ऐस लगा रहा जैसे राजस्थान के रेत के समंदर में पानी के समंदर की लहरें आई हों। जमीन से पानी अभी भी निकल रहा है।
Recommended Video
राजस्थान के जैसलमेर में जमीन से अथाह पानी निकलने वाली वीडियो के बारे में दावा किया जा रहा है कि यह जैसलमेर के मोहनगढ़ के नहरी क्षेत्र का है। यह वो इलाका है, जहां किसी जमाने में सरस्वती नदी बहा करती थी। वर्तमान में सरस्वती नदी लुप्त हो गई और उसकी जगह रेत का समंदर बन गया। चारों तरफ रेत ही रेत ही है।
यह भी पढ़ें- राजस्थान में रहस्यमयी ढंग से पाताल में समा रहा खेत, देखें जमीन धंसने का हैरान करने वाला VIDEO

Jaisalmer Water Video: ट्यूबवेल खोद रही मशीन भी पानी में समा गई
राजस्थान पत्रिका डॉट कॉम की खबर के अनुसार जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ चक 27 बीडी के पास विक्रम सिंह के खेत में नलकूप की खुदाई की जा रही थी। इस दौरान जमीन से अचानक पानी का फव्वारा फूट पड़ा और किसी समंदर के पानी की लहरें उठने लगी। पानी इतना ज्यादा था कि देखते ही देखते ट्यूबवेल खोद रही मशीन भी पानी में समा गई। पूरा खेत पानी से भर गया। जमीन धंस गई।
Jaisalmer Viral Video: जैसलमेर के विक्रम सिंह के खेत में 800 नीचे तक खुदाई
वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि विक्रम सिंह ने अपने खेत में ट्यूबवेल की खुदाई करवाई। जमीन में करीब 800 फीट नीचे तक खुदाई करने के बाद जब पाइप वापस निकाले जा रहे थे तो यह हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला। पाइप के साथ ही जमीन से पानी का भंडारा निकला। अथाह जलराशि बाहर आई। बंजर पड़ा पूरा खेत कुछ ही देर में तालाब सा नजर आने लगा।
यहां नीचे देखें वीडियो
Rajasthan Viral Video: भूजल वैज्ञानिक डॉ. नारायण दास ईणखिया पहुंचे मौके पर
जैसलमेर में लुप्त हो चुकी सरस्वती नदी के इलाके में नलकूप खुदाई के दौरान अथाह पानी निकलने की खबर मिलने पर भूजल वैज्ञानिक डॉ. नारायण दास ईणखिया मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का दौरा किया। ईणखिया ने रेगिस्तान की धरती से इस कदर पानी निकलने की घटना भूजल का सामान्य रिसाव नहीं हो सकता। इसका लुप्त सरस्वती नदी के चैनल से कोई संबंध हो सकता है। वास्तविकता जांच में ही सामने आ सकेगी।
Rajasthan Water Viral Video: जैसलमेर प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
मीडिया की खबरों की मानें तो विक्रम सिंह के खेत में नलकूप की खुदाई बिना प्रशासनिक स्वीकृति के हो रही थी। ऐसे में जैलसमेर जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। आस-पास के ग्रामीणों ने पानी के तेज़ प्रवाह और संभावित नुकसान को लेकर चिंता व्यक्त की है। हालांकि कई लोग वीडियो को काफी पुराना बता रहे हैं। वनइंडिया टीम वीडियो के ताजा होने की पुष्टि नहीं करती है।












Click it and Unblock the Notifications