Lok Sabha Election: वैभव की "तरक्की एक्स्प्रेस" से होगी सियासी जमीन मजबूत ,जानिए कैसे ?
Lok Sabha Election: राजस्थान की सियासत में अपनी सियासी जमीन तलाश रहे कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र और जालौर-सिरोही से कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत ने आज तरक्की एक्सप्रेस को लॉंच किया है।
वैभव गहलोत की ओर से लॉंच की गई तरक्की एक्सप्रेस को लेकर अब राजस्थान के सियासी गलियारों में चर्चा हो रही है। चर्चा इस वजह से कि आखिर क्या जरूरत पड़ी वैभव गहलोत को जो इस नाम से चुनाव घोषणा पत्र लॉंच करना पड़ा।
आपकों बता दे कि राजस्थान में लोकसभा चुनावों में इससे पहले वैभव गहलोत साल 2019 में जोधपुर से किस्मत आजमाई थी। लेकिन गजेंद्र सिंह शेखावत ने करारी शिकस्त दी थी और इस बार जोधपुर से सीट बदलकर जालोर से चुनाव लड़ रहे है।

अब इस चुनावी घोषणा पत्र जिसे तरक्की एक्सप्रेस का नाम दिया है उसके माध्यम से सियासी जमीन को मजबूत करने की कोशिश किए जाने की भी चर्चाएं आम हो रही है।
जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत ने बुधवार को अपना वचन पत्र जारी कर दिया। रानीवाड़ा के कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यह वचन पत्र जालोर, सांचौर और सिरोही जिलों की तरक्की का रास्ता खोलता है।
वचन पत्र में रोजगार मेलों के जरिए 10 हजार से अधिक स्थानीय युवाओं को नौकरियां देने का वादा वैभव ने किया। उन्होंने युवाओं के लिए अगले पांच साल में 100 स्टार्टअप्स खुलवाने की भी बात कहीं।
वैभव ने जालोर से जयपुर, दिल्ली, हैदराबाद, कोयम्बटूर, चैन्नई, बैंगलूरु के लिए नियमित यात्री रेलगाड़ियां चलवाने, सिरोही-जालोर मार्ग को फोरलेन करा नेशनल हाइवे घोषित कराने, आबूरोड हवाई पट्टी को एयरपोर्ट बनाकर वहां से नियमित उड़ानें शुरू कराने का वादा किया।
उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र की जनता को जवाई बांध के पानी से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और माही-व्यास का पानी भी जालोर-सिरोही तक लाने के प्रयास किए जाएंगे।
वैभव ने कहा कि इस मैनिफेस्टो में जालोर के सभी आयु व वर्गों का ध्यान रखा गया है। मैनिफेस्टो के रोडमैप को आमजन से विचार-विमर्श कर इस तरह बनाया गया है कि यह लोकसभा क्षेत्र की जनता की सभी बुनियादी जरूरतों और तरक्की की संभावनाओं को पूरा करता है। उन्होंने कहा कि मैनिफेस्टो का रोडमैप आने वाले पांच साल में तीनों जिलों की तस्वीर बदल देगा, तकदीर बदल देगा।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए वैभव ने कहा कि आप अच्छी तरह जानते हैं कि जालोर लोकसभा क्षेत्र पिछले 20 वर्षों से तरक्की की बाट जोह रहा है।
भाजपा के देवजी पटेल 15 वर्षों तक यहां के सांसद रहे, लेकिन जालोर, सिरोही जिलों को तो छोड़ो, सांचौर क्षेत्र का भी विकास वे ढंग से नहीं करा पाए।
उन्होंने कहा कि आज भी हमारे मारवाड़ी भाई-बंधु पेयजल, सिंचाई जल, बुनियादी विकास, रोजगार, पलायन से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
जालोर लोकसभा क्षेत्र में प्रवासी बंधुओं के लिए न ट्रेन कनेक्टिविटी है न ही एयर कनेक्टिविटी। आने-जाने के लिए जोधपुर या अहमदाबाद जाना पड़ता है।
ग्रेनाइट, पर्यटन, जीरा, सौंफ के उद्योग यहां की पहचान हैं, लेकिन इन उद्योगों के विकास के लिए भाजपा ने कुछ नहीं किया। युवाओं, महिलाओं के विषयों को भी भाजपा सांसदों ने दरकिनार किया है। कहने को डबल इंजन की सरकार है, लेकिन वह विकास के लिए नहीं केवल राजनीति करने के लिए है।
वैभव ने कहा कि अशोक गहलोत के नेतृत्व में पिछली कांग्रेस सरकार ने जनकल्याण के लिए काफी काम किया है। बुनियादी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई से राहत, पशुबीमा आदि क्षेत्रों में कई अनूठे निर्णय लिए गए।
साढ़े तीन महीने की भाजपा सरकार ने जिस तरह योजनाओं को बंद किया है, उससे जालोर की जनता में नाराजगी है। मैं आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि अशोक गहलोत ने जिस तरह जोधपुर का विकास कराने में जान झोंक दी, वहां हर सुख-सुविधा उपलब्ध कराई, विश्व पटल पर जोधपुर का नाम ऊंचा किया, वैसे ही प्रयास मैं जालोर लोकसभा क्षेत्र के लिए करूंगा। जालोर, सांचौर और सिरोही तीनों जिलों को पिछड़ा नहीं रहने दिया जाएगा।
वैभव गहलोत ने कहा कि उनके वचन पत्र में क्षेत्र के विकास के लिए कई अभिनव पहल शामिल की गई हैं। साथ ही जिन मांगों को पूरा करने का प्रण लिया गया है, उसकी जानकारी व्हॉट्सएप के जरिए ली जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications