टायर फटने के बाद बेकाबू कार दीवार तोड़कर मकान में घुसी, तीन 'भाइयों' की मौत
झुंझुनूं, 4 अगस्त। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में पिलानी-बहल सड़क मार्ग पर बीती रात सड़के हादसे में तीन रिश्तेदारों की मौत हो गई। वे चूरू व झुंझुनूं के रहने वाले चचेरे व फुफेरे भाई थे। राजस्थान सीमा पर हरियाणा के बहल पुलिस थाना इलाके के नांगल गांव में चेक पोस्ट के पास रात साढ़े दस बजे हुए हादसे में दो अन्य रिश्तेदार भी घायल हुए हैं।

मरने वालों की शिनाख्त झुंझुनूं के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के सूजड़ोला गांव के संदीप, प्रदीप और चूरू के हमीरवास थाना क्षेत्र के सुलखनिया गांव के राकेश के रूप में हुई है। सूजड़ोला (झुंझुनूं) गांव का राजकुमार व सुलखनिया के बास (चूरू) निवासी प्रवीण घायल हैं। बहल पुलिस ने सामुदायिक चिकित्सा केंद्र, लोहारू (हरियाणा) में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
जानकारी के अनुसार पिलानी के सूजड़ोला निवासी संदीप (29), चचेरा भाई प्रदीप (21), बुआ का बेटा सुलखनिया का बास निवासी राकेश (24), राकेश का भाई प्रवीण (25) और संदीप-प्रदीप का चचेरा भाई राजकुमार (23) कार में सवार होकर हिसार से लौट रहे थे। ये लोग राकेश को पेट में इंफेक्शन की समस्या के चलते हिसार के अस्पताल में दिखाने के लिए गए थे।
संदीप ने अपने साले सोरड़ा निवासी अजीत कुमार की कार ली थी। संदीप की सालभर पूर्व ही शादी हुई थी, जबकि बाकी सभी अविवाहित थे। संदीप प्राइवेट बस का चलाता था। प्रदीप पढ़ाई कर रहा था। राकेश ट्रांसपोर्ट कम्पनी में नौकरी करता था। घायल दोनों युवक खेती-बाड़ी का काम करते हैं।
मीडिया से बातचीत में लोहारू थाना के जांच अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि नांगल पेट्रोल पंप के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार में 5 लोग थे। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई थी। कार का टायर फटने के कारण वह बेकाबू होकर मकान की दीवार में घुस गई।












Click it and Unblock the Notifications